प्रेम प्रसंग को लेकर प्रताड़ित युवती ने की आत्महत्या
हैदराबाद, मलकपेट थाना परिधि में प्रेम प्रसंग को लेकर प्रताड़ित युवती ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि कृष्णा तुलसी नगर, मलकपेट निवासी वेणुगोपाल की पुत्री के. दीपिका (24) पहले हब्शीगुड़ा के एक रियल इस्टेट कार्यालय में टेलीकॉलर के रूप में कार्यरत थी।
पिछले वर्ष पिता का निधन होने के बाद से उसने नौकरी छोड़ दी और घर पर ही रहने लगी थी। इस दौरान उसका परिचय वारिसगुड़ा निवासी राजू (30) से हुआ। राजू पहले से ही विवाहित और दो बच्चों का पिता है, लेकिन उसने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया था। दीपिका को उसके विवाह होने की जानकारी नहीं थी और उसके प्रेम में पड़कर वह उससे विवाह करने के लिए राजी हो गई थी।
राजू के विवाहित होने की जानकारी मिलने पर दीपिका के घर वालों ने विवाह से इनकार कर दिया। इसके बावजूद राजू उसे प्रताड़ित कर रहा था। इस कारण गत 11 मार्च को मलकपेट पुलिस में उसके खिलाफ शिकायत की गई। पुलिस ने राजू को बुलाकर परामर्श कर उसे चेताया। राजू ने दीपिका से बातचीत कर उसे शिकायत वापस लेने के लिए राजी कर लिया।
यह भी पढे़: नोएडा : गलगोटिया कॉलेज के छात्र ने की आत्महत्या
शिकायत वापस लेने के बाद राजू फिर उसे प्रताड़ित करने लगा था। इस कारण निराश दीपिका ने कल रात बेडरूम में सीलिंग फैन से फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दीपिका के भाई ओमकार की शिकायत पर पुलिस राजू के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



