अपने ही घर में चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार
हैदराबाद, अपने शौक पूरे करने के लिए अपने ही घर में सोने के आभूषण चुराने वाले युवक और उसके दो साथियों को कंचनबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
संवाददाता सम्मेलन में राजेन्द्रनगर जोन के पुलिस उपायुक्त एस. श्रीनिवास ने बताया कि हफीजबाबा नगर निवासी मो. रहमत ने गत 31 मार्च को कंचनबाग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उसने बताया कि 17 जनवरी को उसकी पत्नी और पुत्री के सोने के आभूषण अलमारी में रखे गए थे। गत 29 मार्च को अलमारी की जाँच करने पर सोने के आभूषण नदारद पाए गए।
कंचनबाग पुलिस इंस्पेक्टर वाई. कमल कुमार ने मामला दर्ज कर चंद्रायनगुट्टा एसीपी ए. सुधाकर के नेतृत्व में छानबीन करने के बाद इस मामले में शिकायतकर्ता मो. रहमत के पुत्र कॉलेज छात्र मो. अदनान शरीफ (19) और उसके दो साथियों हफीज बाबानगर निवासी पेशे से व्यापारी मो. रेहानुद्दीन (25) और पेशे से मेडिकल सेल्समेन मो. समीर (22) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 13.7 तोला सोने के आभूषण, चार सेलफोन और एक वर्ना कार जब्त की। उन्होंने बताया कि जाँच-पड़ताल के दौरान पता चला कि जनवरी माह में मो. अदनान शरीफ की माँ और बहन ने एक दावत में भाग लेने के बाद अपने सोने के आभूषण उतारकर अलमारी में रखे थे।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : शक के चलते पत्नी की हत्या
वर्तमान समय में मो. अदनान शरीफ अपने शौक के चलते आर्थिक तंगी का शिकार हो गया था। उसने शौक पूरे करने और तंगी दूर करने के लिए अपने ही घर में चोरी की योजना बनाई और एक दिन मौका देखकर सोने के आभूषण चुरा लिए। चुराए गए आभूषण उसने अपने साथियों की मदद से बेच दिए। तकनीकी रूप से छानबीन करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



