पाँच वर्षीय बालिका का अश्लील वीडियो बनाने वाला युवक गिरफ्तार
हैदराबाद, तेलंगाना के साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने 5 वर्षीय बालिका का अश्लील वीडियो बनाने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक व ब्यूरो की निदेशक शिखा गोयल ने बताया कि ब्यूरो की चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट ने बच्चों को लैंगिक रूप से प्रताड़ित करते हुए वीडियोग्राफी को रोकने के लिए गठित टिप लाइन से मिली जानकारी के आधार पर जाँच-पड़ताल करने के बाद गोलकोंडा के कुम्मरीवाड़ी निवासी मोहब्बत फहाद उर्फ आदिल (19) को गिरफ्तार किया।
आरोपी डिग्री द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यह इस प्रकार का दूसरा मामला है, जिसमें नाबालिगा को लैंगिक प्रताड़ना का शिकार होने से बचाया गया। उन्होंने बताया कि पीड़िता आरोपी की करीबी रिश्तेदार है। वह उसे भाई कहकर संबोधित करती है।
आरोपी ने अकेले में बालिका का वीडियो बनाने का आरोप
जाँच में पता चला कि आरोपी अक्सर पीड़िता के घर जाता था और जब वह घर पर अकेली होती, तब उसे छत पर ले जाकर अश्लील वीडियो बनाता था। आरोपी के पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर उसे फोरेंसिक जाँच के लिए भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ साइबर अपराध पुलिस थाने में आईटी एक्ट की धारा 67बी और पोक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए।
यह भी पढ़ें… आईपीएल मैचों पर सट्टेबाजी का भंडाफोड़, 10 अरेस्ट
शिखा गोयल ने बताया कि पीड़िता की आवश्यक मदद करते हुए उसके माता-पिता से परामर्श भी किया गया, क्योंकि माता-पिता को इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों के खिलाफ ऐसे अपराधों में दुर्भाग्य से परिवार के सदस्य या जान-पहचान वाले ही आरोपी होते हैं, जो समाज के साथ विश्वासघात है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों का ध्यान रखें। विशेषकर इस बात पर ध्यान दें कि उनके बच्चे किससे मिल रहे हैं और कोई उनके साथ गलत हरकत तो नहीं कर रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



