राजनीति में गुणात्मक परिवर्तन का जिम्मा युवाओं पर : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव ने तेलंगाना की राजनीति में गुणात्मक परिवर्तन लाने का जिम्मा बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, युवाओं पर डाला और कहा कि देश को शक्तिशाली बनाना हो या तेलंगाना का विकास करना हो, भाजपा ही एकमात्र विकल्प है। इसलिए भाजपा को मजबूत बनाने के लिए शिक्षित वर्ग, बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिलाओं को संगठित होकर साथ खड़ा होना पड़ेगा।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव के समक्ष डॉ. साईचंद्रा के नेतृत्व में भारी संख्या में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञ भाजपा में शामिल हुए जिनका राव ने स्वागत किया। अवसर पर संबोधित करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि देश में खतरनाक परिस्थितियां निर्माण होने लगी हैं। ऐसे में परिवर्तन लाने के लिए शिक्षित वर्ग, युवाओं को आगे आने की जरूरत है। उन्होंने जल्द होने वाले जीएचएमसी चुनाव का उल्लेख करते हुए आह्वान किया कि मजलिस पार्टी को किसी हाल रोकने की जरूरत है और भाजपा का मेयर बनाने के लिए सभी को कमर कसनी होगी।
देशद्रोही ताकतों का सामना करने के लिए संगठित होने की जरूरत
रामचंदर राव ने कहा कि यह खुशी की बात है कि भाजपा के सिद्धातों व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के प्रति आकर्षित होकर युवा, जेन ज़ी आगे कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब युवा सोचने लगा है कि देश की रक्षा कौन करेगा, देश की ज्वलंत समस्याओं का समाधान कौन करेगा, देशद्रोही ताकतें क्यों सिर उठा रही हैं, इनका सामना कैसे किया जाए और यही कारण है कि युवा भाजपा की ओर आकर्षित होने लगे हैं।
रामचंदर राव ने कहा कि युवा व शिक्षित वर्ग भाजपा में शामिल होकर तेलंगाना की राजनीति में परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति में आने का अर्थ सभी को चुनावी टिकट मिलेगा यह नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सामाजिक जिम्मेदारी निभाना है। रामचंदर राव ने वर्तमान समय राज्य की राजनीति को लेकर चिंता जताई और कहा कि तेलंगाना की दो प्रमुख राजनीतिक पार्टियां कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (भारास) जनता की समस्याओं से अधिक एक-दूसरे पर व्यक्तिगत रूप से अभद्र भाषा में गालियां देने को अधिक महत्व दे रही हैं। कोई पैंट उतारने तो कोई चमड़ी उधेडने के बयान देता है जिससे राजनीति दूषित होने लगी है। ऐसी राजनीति भावी पीढ़ी के लिए खतरनाक है।
रामचंदर राव ने कहा कि देश में खतरनाक परिस्थितियां निर्माण हो रही हैं। दिल्ली के जेएनयू की कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवादी अफजल गुरु को हीरो के रूप में पेश करने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व आरएसएस को गाड़ने जैसे देशद्रोही नारे लगाना आने वाले खतरे का संकेत है। इन देश द्रोहियों के तौर पर उभर रही ताकतों का सामना करना हो तो देश से प्रेम करने वाले, समाज के प्रति जिम्मेदार जेन ज़ी व बुद्धिजीवियों तथा मेधावियों का संगठित होना आवश्यक है।
रामचंदर राव ने कहा कि पूर्व में यह सोच बन गई थी कि राजनीति में केवल धनबल – बाहूबल या आपराधिक पृष्ठभूमि रखने वाले ही आते हैं लेकिन वर्तमान में परिस्थितियां बदलने लगी हैं। बिहार में 25 वर्ष आयु वर्ग की विधायक बनी मैथिली ठाकुर का नाम लेते हुए रामचंदर राव ने कहा कि ऐसे युवाओं के आने से सोशल पोलिटिकल कांशियसनेस बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें… योजनाओं की अमलावरी में बीआरएस बाधक : रेवंत रेड्डी
अवसर पर डॉ. साईचंद्रा ने भाजपा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने वाले तीन कारण बताए जिसमें हाल के समय पहलगाम में हुई आतंकी घटना जिसमें कपड़े उतारकर हिन्दुओं की हत्या की गई, दूसरा लाल किले के पास बम विस्फोट घटना अलावा एक वर्ग विशेष से संबंधित डॉक्टरों का आतंकी गतिविधियों में शामिल होना और तीसरा जुबली हिल्स उप चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के विवादित बयान, जिसमें कांग्रेस का अर्थ मुसलमान और मुसलमान का मतलब कांग्रेस है, शामिल हैं। उन्होंने कहा कि देश व हर वर्ग के विकास के लिए समर्पित भाव रखने वाली भाजपा को इसीलिए उन्हेंने चुना है। अवसर पर विधान परिषद सदस्य अंजीरेड्डी, रंगारेड्डी जिला अर्बन प्रभारी डॉ. मल्ला रेड्डी, गोलकोंडा जिला भाजपा अध्यक्ष टी. उमामहेंदर, मेड़चल जिला भाजपा प्रभारी माधावरम कांता राव, रंगारेड्डी जिला अर्बन अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी, विकाराबाद जिला भाजपा पूर्व अध्यक्ष राजशेखर रेड्डी आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



