युद्धवीर पुरस्कार समारोह आज 4.30 बजे एफटीसीसीआई में
हैदराबाद, स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार एवं डेली हिंदी मिलाप के संस्थापक युद्धवीर की स्मृति में स्थापित युद्धवीर फाउंडेशन का 32वां युद्धवीर स्मारक पुरस्कार समारोह बुधवार 30 अप्रैल को रेड हिल्स, लकड़ी का पुल स्थित एफटीसीसीआई के केएलएन प्रसाद सभागार में शाम 4:30 बजे आयोजित किया जाएगा। तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा प्रख्यात चित्रकार थोटा वैकुंठम को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
चित्रकार थोटा वैकुंठम को रचनात्मक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और कला के माध्यम से विश्वपटल पर तेलंगाना को पहचान दिलाने के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपये नकद प्रदान किये जाएंगे। थोटा वैकुंठम समकालीन उत्तर-आधुनिक कला में भारत के सबसे प्रतिष्ठित चित्रकारों में से एक हैं।
उन्होंने ग्रामीण विषयों को अपनी कला में विशेष स्थान दिया है। समकालीन भारतीय चित्रकला में वैकुंठम का बड़ा नाम है। कलात्मक अभिव्यक्ति में लोक परंपराओं और समकालीन संवेदनाओं के अद्वितीय मिश्रण ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्रदान की है।
भारत के अलावा लंदन, न्यूयार्क, दुबई, कैलिफोर्निया, सिंगापुर और हांगकांग की प्रतिष्ठित गैलरियों में एकल और समूहों प्रदर्शनियों के लिए थोटा वैकुंठम आमंत्रित किया गया। उनकी कलाकृतियों की नीलामी क्रिस्टी जैसे प्रसिद्ध नीलामीकर्ताओं द्वारा की गई। उन्होंने अपनी अनूठी शैली को दर्शाते हुए मूर्तियां भी बनाई हैं, और उनकी कलाकृतियों को भारत और विदेशों दोनों में उत्सुकता से संग्रहित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि युद्धवीर फाउंडेशन डेली हिंदी मिलाप के संस्थापक युद्धवीर के जन्मदिन के अवसर पर प्रतिवर्ष 30 अप्रैल को वार्षिक पुरस्कार समारोह का आयोजन करता है। इससे पूर्व इस समारोह में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल, पूर्व उपराष्ट्रपति कृष्णकांत, वेंकय्या नायडू, लेखक खुशवंत सिंह, बीपीआर विट्ठल, डॉ. यू आर राव, डॉ सोमा राजू, डॉ के. अंजी रेड्डी, रामोजी राव, डॉ जयप्रकाश नारायण, पंडित जसराज, प्रो. शांता सिन्हा, साइना नेहवाल, डॉ. गुल्लापल्ली एन.राव, अनंत पाई, विट्ठल राव, श्याम बेनेगल एवं अन्य प्रतिष्ठित गणमान्य भाग ले चुके हैं।
फाउंडेशन द्वारा उस्मानिया विश्वविद्यालय में संचार और पत्रकारिता में सर्वश्रेष्ठ स्नातकोत्तर छात्र तथा मदर कृष्णा बाई स्कूल ऑफ नर्सिंग, मुशीराबाद, हैदराबाद में सर्वश्रेष्ठ छात्र को ‘युद्धवीर गोल्ड मेडल’ प्रदान किया जाता है। साथ ही हिंदी मिलाप द्वारा आयोजित साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये जाते हैं।
इस वर्ष साहित्यिक प्रतियोगिता के विजेताओं में युद्धवीर फाउण्डेशन द्वारा होली के अवसर पर आयोजित आयोजित लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं मे 16 लेखक एवं कवि शामिल हैं। कहानी प्रतियोगिता में सुमिता शर्मा, मंजुला दूसी, डॉ. शिल्पा जैन एवं कुमारी प्रगति, कविता प्रतियोगिता में हर्षलता दुधोड़िया, डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, भलगट अक्षत जैन एवं डॉ. अंजू पाण्डेय व्यंग्य प्रतियोगिता में राजज्योति अग्रवाल, डॉ. घनश्याम बादल, देवेन्द्रराज सुथार एवं डॉ. सौरभ जैन, होली पर लेखन प्रतियोगिता में योजना देशपांडे, रंगनाथ द्विवेदी, नूतन कुमार दवे एवं कृष्ण दुबे शामिल हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



