नववर्ष के जश्न का लक्ष्य जीरो ड्रग्स : सज्जनार

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर नववर्ष के स्वागत हेतु आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर कड़ी नजर रखने की बात बताते हुए चेताया कि नगर पुलिस द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर पब और होटलों के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएँगे। उन्होंने कहा कि नववर्ष के जश्न के दौरान शहर में ड्रग्स पर रोक लगाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने जीरो ड्रग्स नीति के तहत पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि किसी भी जश्न में ड्रग्स का सेवन किया गया, तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेताया कि किसी भी रूप में जश्न के दौरान ड्रग्स को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

100 से अधिक क्षेत्रों में विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान लागू

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस आयुक्त सज्जनार ने बंजारा हिल्स स्थित तेलंगाना एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर में हैदराबाद नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग, टास्क फोर्स पुलिस, स्पेशल ब्रांच, सीसीएस और सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की। समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य नए वर्ष के जश्न का लक्ष्य जीरो ड्रग्स बनाना है।

समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए सज्जनार ने बताया कि शुक्रवार से ही शहर के पब, होटल, बार एण्ड रेस्टोरेंट, नववर्ष के जश्न संबंधी समारोह स्थलों पर स्पेशल सर्विलेंस टीम तैनात कर दी गई है। इसके साथ ही सर्विस अपार्टमेंट, हॉस्टल आदि के अलावा जहाँ कहीं भी बड़े पैमाने पर जश्न संबंधी पार्टियाँ रखी गई हैं, उन सभी पार्टियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्ष से ड्रग्स तस्करी के मामलों से जुड़े आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

नववर्ष पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेक पोस्ट और बैरिकेडिंग

इसके संबंध में आरोपियों की सूची भी तैयार की गई है। सूची के आधार पर नजर रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा। उन्होंने चेताया कि जिस किसी भी होटल, पब, बार एण्ड रेस्टरेंट में ड्रग्स का उपयोग किया जाता है, तो उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएँगे।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर मैत्रीवनम, नेकलेस रोड, टैंकबंड, केबीआर पार्क समेत अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक क्षेत्रों में मजबूत चेक पोस्ट और बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही शहर के 100 से अधिक क्षेत्रों में विशेष ड्रंक एण्ड ड्राइव अभियान भी अमल में लाया जा रहा है।

इसके लिए सशस्त्र पुलिस बल का भी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर जश्न संबंधी समारोह शांति से हो और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा न हो। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आपस में समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। इस समीक्षा बैठक में पुलिस उपायुक्त एन. श्वेता, के. अपूर्वा राव, रक्षिता कृष्णमूर्ति, सी.एच. रूपेश, चिंतमनेनी श्रीनिवास, गायकवाड़ वैभव रघुनाथ, टास्क फोर्स के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अंदे श्रीनिवास राव, इकबाल सिद्दिकी व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button