हैदराबाद में ड्रेपर स्टार्टअप हाउस के 12 दिवसीय कार्यक्रम के लिए 14 संस्थापकों का चयन
हैदराबाद, शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुभवों को जोड़कर स्टार्टअप संस्थापकों के लिए एक सघन 12 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन नगर की संस्था ड्रेपर स्टार्टअप हाउस द्वारा शुरू किया गया है। इसके लिए देश भर से 14 स्टार्टअप संस्थापकों को चुना गया है।
गच्चीबावली स्थित ड्रेपर स्टार्टअप हाउस द्वारा यहाँ जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि देश में पहली बार 12 दिवसीय ड्रेपर फाउंडर्स कार्यक्रम की शुरुआत की गयी है। इसके अंतर्गत 1 अगस्त को दोपहर 3 बजे से शाम 8 बजे तक डेमे डे के रूप में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आवासीय कार्यक्रम होने के कारण यहाँ सह-कार्य के दौरान विभिन्न अनुभवी स्टार्टअप संस्थापकों के साथ अनुभव साझा करने के अवसर मिलेंगे। यह कार्यक्रम प्रसिद्ध सिलिकॉन वैली निवेशक टिम ड्रेपर की वैश्विक श्रृंखला का हिस्सा है। टिम ने टेस्ला, स्पेसएक्स, रॉबिनहुड, स्काइप, कॉइनबेस जैसे स्टार्टअप्स में निवेश किया है।
ड्रेपर स्टार्टअप हाउस के कार्यकारी निदेशक साई चैतन्य ने कहा कि ड्रेपर स्टार्टअप हाउस एक वैश्विक उद्यमशीलता नेटवर्क है। इस संस्था ने लक्ष्य रखा है कि 2030 तक 1 मिलियन उद्यमियों को सशक्त बनाया जाएगा। इसी उद्देश्यके साथ शुरू किये रेजिडेंशियल एक्सीलेरेटर कार्यक्रम में चुने गए 14 स्टार्टअप्स को संरचित शिक्षा, अनुभवी उद्यमियों की सलाह और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। डेमो डे कार्यक्रम में सभी 14 स्टार्टअप्स अपनी प्रस्तुतियाँ निवेशकों एवं परामर्शियों के समक्ष प्रस्तुत करनी होंगी। तेलंगाना सरकार के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
यह भी पढें : हैदराबाद देश का चौथा क्रिप्टो निवेश हब
कार्यक्रम के लिए चयनित स्टार्टअप्स के संस्थापकों में मेडस्कोर के मन्नुरी वम्शी कृष्णा, रिऑक्साइड के बैसिल पॉलोस, सलाहा शॉर्ट्स की आस्था दर्शिका, फिनस्टोन के ऋषिकेश चव्हाण, फिनस्टैक के नितिन रेड्डी, कुम्मा के गौतम पलानीस्वामी, मैक्रोकॉसमॉस क्रिएशन्स के डॉ. अभिषेक मणि त्रिपाठी, न्यूरलक्राफ्ट के नियास, ब्रिक पे के शुभम शाह, ज़ॉल्ट्स -शुभम शर्मा, एल्गोक्सिया – संदीप यामा, वीज़ एआई के सय्यद, नीसा एवं टीम, लोहास स्टेज़ के हर्षा एवं स्पैक्स के कार्तिक नागपुरी शामिल हैं।
साई चैतन्य ने कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रारंभिक चरण में सही मार्गदर्शन, नेटवर्क और निवेशकों तक पहुंच उनकी प्रतिभा को निखार सकती है। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम बनाया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



