बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा की छानबीन, 70 क्षेत्रों की जांच
हैदराबाद, तेलंगाना अग्निशमन सेवा विभाग के अधिकारियों ने आउटर रिंग रोड की परिधि के अंतर्गत 26 बहुमंजिला वाणिज्यिक भवनों और एक मल्टीप्लेक्स समेत 70 क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्था की छानबीन की। गत 24 जनवरी को आबिड्स थाना परिधि के अंतर्गत नामपल्ली स्टेशन रोड स्थित बच्चास फर्नीचर शोरूम में अग्नि दुर्घटना के बाद हरकत में आए अग्निशमन विभाग ने छानबीन प्रारंभ की।
अग्निशमन विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विक्रमसिंह मान के दिशा-निर्देश पर छानबीन की गई। छानबीन के दौरान विशेषकर सेल्लार को गोदाम के रूप में उपयोग किए जाने और वहाँ पर ज्वलनशील पदार्थ रखे जाने की जाँच-पड़ताल की गयी। इसके साथ ही पार्किंग स्थल, नौकरों और चौकीदारों के रहने के क्षेत्र आदि का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने विशेषकर आने-जाने वाले मार्ग और सीढ़ियों के आस-पास सामान रखकर रास्ते को तंग कर दिए जाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताई।
यह भी पढ़ें… ऑपरेशन मुस्कान के तहत बचाए गए 5,582 बच्चे
अधिकारियों ने चेताया कि निर्धारित अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी बहुमंजिला भवनों में अनिवार्य रूप से अग्निसुरक्षा संबंधी उपाय और उपकरण होने चाहिए। अधिकारियों ने आज तीन शैक्षणिक संस्थाओं, दो अस्पतालों, 26 वाणिज्यिक भवनों, दो व्यापारिक क्षेत्रों, एक आवासीय भवन, एक औद्योकि क्षेत्र, एक मल्टीप्लेक्स, एक मॉल आदि का निरीक्षण किया और नियम के अनुसार सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।


