इस्लामाबाद मस्जिद आत्मघाती हमले में 3 गिरफ्तार

इस्लामाबाद/पेशावर, पाकिस्तान की पुलिस ने शुक्रवार को इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद पर हुए आत्मघाती हमले के सिलसिले में खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर में दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है।

पाकिस्तान की राजधानी में शुक्रवार की नमाज के दौरान शिया समुदाय की मस्जिद में आत्मघाती हमलावर द्वारा खुद को विस्फोट में उड़ा लेने से कम से कम 31 लोग मारे गए और 169 लोग घायल हो गए। यह हमला हाल के वर्षों में शिया समुदाय को निशाना बनाकर किए गए सबसे भीषण आतंकी हमलों में से एक है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार देर रात चलाए गए अभियान के दौरान कथित आत्मघाती हमलावर के दो भाइयों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार लोगों से बरामद पहचान पत्र के आधार पर हमलावर की पहचान यासिर के रूप में स्थापित करने में मदद मिली, जो पेशावर का रहने वाला था।

जांचकर्ताओं ने यह भी खुलासा किया है कि इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती बम विस्फोट से पहले, हमलावर लगभग पांच महीने तक अफगानिस्तान में रहा था, जहां उसने कथित तौर पर हथियारों के इस्तेमाल और आत्मघाती हमलों का औपचारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया था।

यह भी पढ़े: इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमले में 12 लोगों की मौत, कई घायल

इस खुलासे के बाद, जांच एजेंसियों ने अपना ध्यान हमले के पीछे सक्रिय नेटवर्क की पहचान करने और उससे निपटने पर केंद्रित किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावर के संभावित मददगारों और संपर्कों की पहचान करने के लिए पेशावर और नौशेरा में और छापेमारी की जा रही है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button