अग्नि दुर्घटना पर स्पष्टता दे राज्य सरकार : एन.वी. सुभाष
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता एन.वी. सुभाष ने फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) में हुई अग्नि दुर्घटना के पीछे षड़यंत्र का संदेह जताया और पूरी घटना की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि आवश्यक हो तो केंद्रीय जांच एजेंसियों से जांच कराई जाए।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए सुभाष ने संदेह जताते हुए कहा कि पिछले 52 सालों से कभी भी इस प्रकार की घटना नहीं घटी है, इसलिए इसे आम घटना कहकर हल्के में नहीं लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एफएसएल के सीजर रूम तथा महत्वपूर्ण भौतिक व डिजिटल सबूत जहां रखे जाते हैं, वहीं यह अग्नि दुर्घटना होने की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण मामलों से संबंधित हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, डीएनए रिपोर्ट, वॉयस सैंपल्स व डिजिटल एविडेंस लैंब में ही मौजूद होना शंकाओं को जन्म दे रहा है। पूर्व केसीआर शासन के समय की गई कथित फोन टैपिंग से संबंधित फोरेंसिक सबूत भी इसी लैब में रखे जाने की खबरें हैं।
कोर्ट सुनवाई के समय हादसे पर गंभीर सवाल
सुभाष ने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर से की गई पूछताछ की वॉयस रिकार्डिंग तथा सुप्रीम कोर्ट की पूछताछ से संबंधित महत्वपूर्ण सबूत क्या इस अग्नि दुर्घटना में जलकर राख हुए हैं, इस पर भी संदेह बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कोर्ट में सुनवाई होने के समय पर ही यह दुर्घटना आम बात नहीं कही जा सकती है। उन्होंने कहा कि सबूत जलने से बीआरएस और कांग्रेस को ही लाभ होगा।
सुभाष ने कहा कि पूर्व केसीआर के समय हुए भ्रष्टाचार पर कोर्ट में होने वाली सुनवाई से बीआरएस को सुरक्षा देने के लिए अग्नि दुर्घटना का सहारा लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक लैब में सबूतों का नष्ट होना न्याय व्यवस्था को कमजोर करने जैसा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों का संरक्षण करना लोकतंत्र पर हमला है। सुभाष ने एफएसएल में स्थापित कैमरों की सीसीटीवी फुटेज तुरंत ही सार्वजनिक की करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि जनता में संदेह है कि बीआरएस और कांग्रेस दोनों मिलकर सबूत नष्ट करने के प्रयास कर रही हैं, इसलिए पूरी घटना पर राज्य सरकार स्पष्टता दे।
यह भी पढ़ें… हेट स्पीच कानून लाया गया तो पहला केस मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर : एन. रामचंदर राव
जनता के आक्रोश और राजनीतिक गिरावट का उल्लेख
एन.वी. सुभाष ने कहा कि तेलंगाना में अब बीआरएस का काम तमाम हो चुका है। इस पार्टी का लोकसभा में न तो एक भी सांसद है और न ही राज्य में बीआरएस सत्ता में है। इस पार्टी की परिस्थिति न घर का, न घाट का जैसी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 सालों तक बीआरएस सत्ता में थी, तब तेलंगाना को लूटकर अपना घर भरती गई। यह जनता भूली नहीं है।
सुभाष ने कहा कि जनता में बीआरएस के प्रति उत्पन्न जनाक्रोश का उदाहरण म्युनिसिपालिटी चुनाव प्रचार में मल्लन्ना सागर गए भारास विधायक दल के उपनेता टी. हरीश राव पर जूतों से हमला होना है। उन्होंने कहा कि राज्यभर में वातावरण भाजपा के अनुकूल बना हुआ है। भाजपा को मिल रहे जनादर को कांग्रेस और बीआरएस हजम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और बीआरएस नेता केटीआर फ्रस्टेशन में हैं।
सुभाष ने कहा कि म्युनिसिपल चुनाव में जीतने के बाद भाजपा क्या करेगी, यह घोषणा पत्र के माध्यम से जनता को बताया गया है वहीं केंद्र सरकार ने तेलंगाना के लिए अब तक क्या किया है यह भी जनता को बताया जा रहा है परंतु सत्तादल कांग्रेस ने ढाई साल तथा विपक्षी बीआरएस ने 10 साल के शासन में क्या किया है और भविष्य में क्या करेंगे, यह तक नहीं बता पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता को दी गई 6 गारंटियां और 420 वादे तक नहीं निभाए, बल्कि भ्रष्टाचार करके कमीशन खाने वाली सरकार का नाम कमा लिया है। उन्होंने कहा कि हाल में भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी पर चार्जशीट तक जारी की, फिर भी कांग्रेस और बीआरएस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



