कोटा में तीन मंजिला इमारत ढही, मलबे से निकाले गए 15 में से दो लोगों की मौत
जयपुर, राजस्थान के कोटा में शनिवार रात तीन मंजिला इमारत के ढह जाने के बाद मलबे से कुल 15 लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनमें से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायलों में से आ का इलाज जारी है, जबकि पाँच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान आर्यन (20) और लक्ष्मण (15) के रूप में हुई है। कैबिनेट मंत्री हीरालाल नागर ने पत्रकारों को बताया कि कुल 15 लोगों को मलबे से निकाला गया। दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कुछ घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। तथ्यों का पता लगाने के लिए जाँच के आदेश दिए जाएँगे और मामले में कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें… वैष्णो देवी धाम में होगा सुविधाओं का विस्तार
संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल ने बताया कि आस-पास के इलाके में कुछ नया निर्माण कार्य जारी था और ऐसा अंदेशा है कि इसी कारण इमारत ढह गई। यह घटना तलवंडी इलाके में हुई, जहाँ इमारत में एक रेस्तराँ था। अधिकारियों के अनुसार, इमारत ढहने के समय रेस्तरां में कुछ ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान देर रात तक जारी रहा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



