चुनौतियों का समाधान करने तैयार रहे युवा पीढ़ी : लक्ष्मीनारायण

हैदराबाद, सीबीआई के चर्चित सेवानिवृत्त अधिकारी वीवी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता से भरा वर्तमान युग उन युवाओं की ओर देख रहा है, जो चुनौतियों का समाधान करने की प्रतिभा और कौशल रखते हों। इसलिए युवा पीढ़ी को हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते वीवी लक्ष्मीनारायण

सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी लक्ष्मीनारायण यहां टीन कॉर्पोरेट लीडरशिप चैलेंज के विजेताओं के सम्मान में बंजारा हिल्स स्थित ईबीएस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल का नेतृत्व करते हुए उन्होंने महसूस किया है कि युवा पीढ़ी विशेषकर किशोरों में समकालीन समस्याओं के समाधान की क्षमता है, लेकिन इन समस्याओं के प्रति उनको और उनके अभिभावकों को जागरूक होना अनिवार्य है, ताकि प्रतिभा के विकास को नई दिशा दी जा सके।

लक्ष्मी नारायण ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री द्वारा मन की बात में परीक्षा पर बात करने से स्पष्ट है कि परीक्षा प्रमुख हो गयी है। इससे विद्यार्थियों में रचनात्मकता प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों के लिए एक ऐसा माहौल बनाया जाना चाहिए, जहाँ वे स्वतंत्र होकर रचनात्मक रूप से सोच विचार कर सकें। लक्ष्मीनारायण ने अपनी सेवा के दौरान के दो अनुभव साझा करते हुए बताया कि महाराष्ट्र में सिंधुदुर्ग में काम करने के दौरान उन्होंने स्कूल विदाउट वाल्स अवधारणा को साकार देखा था, जहाँ विभिन्न समूहों में विद्यार्थी समस्याओं पर चर्चा करते और सामूहिक रूप से उसके एक समाधान तक पहुंचते।

यह भी पढ़ें… ग्लोबल आइकन पुरस्कार से सम्मानित किए गए डॉ. अजय कुमार अग्रवाल

किशोरों के लिए कॉर्पोरेट बूट कैंप की घोषणा

वे राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय से परीक्षाएं लिखते। इसी तरह की एक व्यवस्था दिल्ली में भी थी, जहाँ विद्यार्थियों को मौजूदा चुनौतियों पर काम करने का अवसर प्रदान किया जाता। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि केवल मेडिसिन और इंजीनियरिंग के पीछे भागने के बजाय अन्य क्षेत्रों में प्रतिभा और कौशल का सदुपयोग करेंगे। एथेम्स बिजनेस स्कूल के चेयरमैन कली प्रसाद गडिराजू ने इस अवसर पर घोषणा की कि शीघ्र किशोरों के लिए कॉर्पोरेट स्तर पर चार बूट कैंप आयोजित किये जाएंगे, जिनमें वास्तविक दुनिया की चुनौतियों को विद्यार्थियों के सामने रखा जाएगा और उन्हें उनके समाधान का अवसर मिलेगा। इससे उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया जा सकेगा।

टीन कॉर्पोरेट लीडरशिप चैलेंज की प्रभारी साहेरा फातिमा ने बताया कि जिन विभिन्न विद्यालयों के जिन किशोर विद्यार्थियों ने इस चैलेंज में भाग लिया है, उनमें अद्भुत प्रतिभा देखी गयी है। विशेष रूप से कई विद्यार्थी वास्तविक दुनिया से सीधे समाधानकर्ता के रूप में जुड़ने की क्षमता रखते हैं। चैलेंज की विजेता सानवी महाकला ने भी अपने अनुभवों को साझा किया। अवसर पर टीन सीईओ, टीन सीएफओ, टीन सीटीओ, तथा टीन सीएमओ प्रतियोगिताओं के विजेता भी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button