कलेक्टर ने की श्रीशैलम श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा
हैदराबाद, नंद्याल जिला कलेक्टर जी. राजकुमारी ने महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रीशैलम में श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। जिला कलेक्टर राजकुमारी ने मंगलवार को श्रीशैलम के कैलाश द्वार के पास स्थित मार्ग का दौरा किया। उन्होंने पैदल यात्रा करके श्रीशैलम पहुँच रहे श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इस बात की जानकारी प्राप्त की कि पैदल मार्ग पर की गई व्यवस्थाएँ श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त हैं या नहीं। उन्होंने श्रद्धालुओं से उनके सुझाव और अभिमत भी प्राप्त किये।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर ने पैदल मार्ग पर लगाए गए मेडिकल कैम्पों के संचालन, चिकित्सा कर्मचारियों की उपलब्धता तथा आपातकालीन सेवाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। साथ ही शौचालयों की स्वच्छता, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति, भोजन की व्यवस्था, विश्राम केंद्रों सहित अन्य सुविधाओं की स्थिति पर अधिकारियों से विवरण प्राप्त किया।
यह भी पढ़ें… छात्रों को दूषित भोजन परोसने के मामले में वार्डन निलंबित
कलेक्टर ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी व्यवस्थाएँ सुदृढ़ रूप से बनाए रखने और किसी भी कमी की गुंजाइश न हो, इसके लिए निरंतर निगरानी करने के निर्देश भी उन्होंने दिये। पैदल मार्ग पर श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक रूप से यात्रा कर दर्शन के लिए पहुँच सकें, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रीशैलम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना ही सरकार का उद्देश्य है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



