जीएचएमसी का विभाजन कानून के विरुद्ध : किशन रेड्डी

हैदराबाद, केंद्रीय कोयला, खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने देशभर में कराई जा रही राष्ट्रीय जनगणना का उल्लेख करते हुए कहा कि गज्ज्वेल, नलगोंडा व हैदराबाद कॉर्पोरेशनों का विभाजन करके तेलंगाना सरकार ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) सहित साइबराबाद व मल्काजगिरी तीन नए कॉर्पोरेशनों का गठन किया है, जो पूरी तरह से कानून के विरुद्ध है।

भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव के साथ मिलकर मीडिया को संबोधित करते हुए किशन रेड्डी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने जीएचएमसी के विभाजन पर एकपक्षीय रवैया अपनाते हुए जनता या किसी से राय तक नहीं ली है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनगणना निदेशालय ने गत 31 दिसंबर, 2025 के बाद किसी प्रकार के बदलाव नहीं किए जाने या जरूरी हो तो आगामी मई, 2027 तक इंतजार करने के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों को दरकिनार करते हुए सरकार ने जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया है।

साइबराबाद और मल्काजगिरी में नए कॉर्पोरेशन बने

किशन रेड्डी ने कहा कि देश में जनगणना का नोटिफिकेशन आने के बाद राजस्व ग्रामों, वार्डों का विभाजन नहीं करने संबंधी संवैधानिक रूप में नोटिफिकेशन जारी किया गया है, लेकिन सरकार ने उक्त क्षेत्रों का विभाजन करके पूरी तरह से कानून का उल्लंघन किया है।

किशन रेड्डी ने कहा कि वर्ष 2007 में गठित ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) की परिधि 650 वर्ग किमी है, जिसे तीन कॉर्पोरेशन बनाए जाने के बाद 2053 वर्ग किमी तक विस्तारित कर दिया गया है, परंतु उसके अनुकूल मौलिक सुविधाओं पर कोई योजना नहीं बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जीएचएमसी के साथ ही साइबराबाद व मल्काजगिरी के नाम से नए कॉर्पोरेशनों का पुनर्गठन करके 300 वार्डों व 60 सर्कलों का निर्माण किया गया है।

किशन रेड्डी ने सरकार द्वारा आईएएस अधिकारियों के तबादले किए जाने को चुनावी नियमावली के विरुद्ध बताया और राज्य चुनाव आयोग की भूमिका पर प्रश्न खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसी प्रकार की समग्र योजना, आर्थिक संसाधनों को जुटाए बिना नए कॉर्पोरेशन में ग्रामों को शामिल कर दिया है ।

यह भी पढ़ें… मंत्री पोन्नम प्रभाकर पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप

आरआर टैक्स का पैसा केरल पहुँचा

किशन रेड्डी ने तेलंगाना में आरआर (राहुल-रेवंत) टैक्स 30 प्रतिशत वसूलने का सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एनओसी (नो आब्जेक्शन सर्टिफिकेट), लैंड परमिशन, भूमियों का रजिस्ट्रेशन हो या भूमि से संबंधित दस्तावेजों में परिवर्तन हो, इसके लिए सरकार को अनिवार्य रूप से आरआर टैक्स देने की परिस्थितियाँ निर्माण हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तेलंगाना में वसूला गया आरआर टैक्स का पैसा पहले चरण के अंतर्गत केरल चुनाव के लिए भेज दिया गया है।

किशन रेड्डी ने मक्तल म्युनिसिपालिटी भाजपा प्रत्याशी एरुकला महादेवप्पा की आत्महत्या की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि हार के डर से सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर प्रताड़ना पर उतारू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सिन्हा ने महादेवप्पा की आत्महत्या की पूरी जानकारी एकत्र की है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस के सत्ता का दुरुपयोग व पुलिस की अति को लेकर की गई शिकायत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही है, यह शोचनीय है।

रामचंदर राव ने म्युनिसिपल चुनाव में वोट देने वाले मतदाताओं को धन्यवाद दिया और पार्टी की जीत हेतु मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने राज्य में हार के डर से कांग्रेस पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार की राजनीतिक जमीन खिसकने लगी है, इसलिए भाजपाइयों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पोलिंग बूथ स्तर पर खुले तौर पर पुलिस के समक्ष ही पैसा बाँट रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button