किशन रेड्डी ने लिया नामपल्ली रेलवे स्टेशन विकास कार्यों का जायजा
हैदराबाद, केंद्रीय कोयला व खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से रेलवे के क्षेत्र में विप्लवात्मक परिवर्तन आए हैं। स्वतंत्रता के बाद से पहली बार इतने बड़े पैमाने पर भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सर्वसुविधाओं से लैस बनाकर अपग्रेड किया जा रहा है। साथ ही जनपरिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाकर व्यक्तिगत वाहनों पर निर्भरता घटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।







हैदराबाद (नामपल्ली) रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के कार्यों का दक्षिण मध्य रेलवे (दमरे) के महाप्रबंधक संजय श्रीवास्तव, गोपाल कृष्ण, संतोष जैन व अन्य अधिकारियों के साथ केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने आज जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हैदराबाद (नामपल्ली) रेलवे स्टेशन का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एयरपोर्ट की तरह 327.27 करोड़ रुपये खर्च से विकास किया जा रहा है। आवश्यक होने पर अतिरिक्त निधियाँ आवंटित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि हैदराबाद की ब्रैंड इमेज बढ़ाने की तर्ज पर सर्वसुविधाओं से नामपल्ली रेलवे स्टेशन का विकास किया जा रहा है।
नामपल्ली रेलवे स्टेशन 2027 के अंत तक होगा तैयार
स्टेशन को अगले वर्ष 2027 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। आज से काउंट डाउन शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि हैदराबाद रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में प्रतिदिन 60 रेलगाड़ियों का आना-जाना है। प्रतिदिन करीब 25 हजार यात्री स्टेशन का उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर रात के समय सोने या बैठने वालों तथा भीड़ न हो इसके लिए स्टेशन के ऊपरी माले य् 6.500 वर्ग फीट विस्तार से सेंट्रल हॉल, फुड कोर्ट सहित अन्य स्टॉल्स होंगे।
इसके अलावा वन स्टेशन वन प्रॉडक्ट के अंतर्गत तेलंगाना के उत्पादों को प्रोत्साहन देने हेतु स्टॉल आवंटित किए जाएँगे। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधार्थ स्टेशन पर कुल 16 लिफ्ट तथा 8 एक्सक्लेटर्स की व्यवस्था रहेगी, वहीं फुटपाथ पर चलने के लिए सुविधा रहेगी। उन्होंने बताया कि बेसमेंट-1 व बेसमेंट-2 पार्किंग सुविधा दी जाएगी। इसमें करीब 150 वाहन पार्क किए जा सकेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से सीसी टीवी कैमरे स्थापित किए जाएँगे।
यात्रियों की सुविधा हेतु डारमेट्री व आधुनिक रिटैरिंग रूम की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि हैदराबाद रेलवे स्टेशन के समक्ष स्थित मेट्रो रेल स्टेशन तक सीधे यात्रियों को कनेक्टिविटी देने के लिए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। यात्रियों को समस्या न हो, इसके लिए स्टेशन में प्रवेश हेतु एक मार्ग व बाहर निकलने के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर वाई फाई सुविधा तो होगी, वहीं लैपटैप व मोबाइल चार्जिंग सिस्टम भी होगा।
यह भी पढ़ें… सिंघवी और नरेंदर ने दाखिल किया नामांकन, निर्वाचन तय
2026–27 बजट में तेलंगाना को 5,454 करोड़ रुपये आवंटित
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने तेलंगाना को क्या दिया है पूछकर केंद्र सरकार की आलोचना करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूर्व कांग्रेस के शासन के दौरान बजट में वर्ष 2014 तक तेलंगाना को केवल 258 करोड़ रुपये ही आवंटित् किए जाते रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तेलंगाना को वर्ष 2026-27 के बजट में 5,454 करोड़ रुपये आवंटित् किए। उन्होंने कहा कि बजट में 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये अनुमानित लागत से तेलंगाना को 3 हाई स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) दी गईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से तेलंगाना में काफी प्रगति के कार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में रेलवे का विकास तेजी से हो रहा है। पुराने भवनों के स्थान पर पूरी तरह से सर्वसुविधाओं से लैस नए आधुनिक रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में भाजपा के 8 सांसद विजयी हुए हैं, इसलिए तेलंगाना में करीब 40 हजार करोड़ रुपये खर्च से 42 रेलवे स्टेशनों का अपग्रेडेशन संभव हो सका।
मंत्री ने कहा कि तेलंगाना में कुल 47,984 करोड़ रुपये खर्च से रेलवे स्टेशनों का विकास कार्य जारी हें, जिसमें 346 किमी तक नई रेलवे लाइन बिछाने के कार्य पूरे कर लिए गए हैं तथा 513 किमी तक की लाइनें डबलिंग व त्रिपलिंग की गयीं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में 1,979 किमी तक रेलवे लाइनों का इलेक्ट्रिफिकेशन पूरा कर लिया गया है। एकमात्र नई लाइन को छोड़ दिया जाए, तो शत प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
रेल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट अगले 2 से 3 माह में
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 5 दशकों से तेलंगाना को रेल कोच फैक्ट्री देने की माँग की जा रही थी, लेकिन केंद्र सरकार ने वरंगल में रेल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर दी है, जिसे अगले 2 से 3 माह में प्रारंभ किया जाएगा। एमएमटीएस सेकेंड फेस के अंतर्गत पवित्र तीर्थ यादगिरीगुट्टा तक विस्तारित किया जा रहा है, जिसका जल्द ही भूमि पूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हैदराबाद के शमशाबाद में 1 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, अब दूसरा एयरपोर्ट वरंगल में जल्द पूरा होगा, जिसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि कोमरवेल्ली मल्लन्ना रेलवे स्टेशन के कार्य पूरे होने को हैं, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही जनता को समर्पित करेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



