सिंघवी और नरेंदर ने दाखिल किया नामांकन, निर्वाचन तय
हैदराबाद, कांग्रेस पार्टी की ओर से तेलंगाना से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंदर रेड्डी ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने चुनाव अधिकारी उपेंदर रेड्डी को अपने नामांकन पत्र सौंपे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ और कई मंत्री शामिल हुए। इन दोनों के अलावा स्वतंत्र उम्मीदवार कंटे सायन्ना ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। अभिषेक मनु सिंघवी ने 3 सेट और वेम नरेंदर रेड्डी ने 4 सेट नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि स्वतंत्र उम्मीदवार सायन्ना ने 1 सेट नामांकन पत्र दाखिल किया।
बताया जा रहा है कि निर्दलीय उम्मीदवार को आवश्यक संख्या में विधायकों की हस्ताक्षर नहीं मिला। इस कारण नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उनके नामांकन अस्वीकार किया जाएगा। शुक्रवार (6 मार्च) को नामांकन पत्रों की जांच होगी और आगामी 9 मार्च को नामांकन पत्र वापस लेने के लिए अंतिम तारीख है। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद अभिषेक सिंघवी ने कहा कि वह तेलंगाना की ओर से दूसरी बार राज्यसभा जाने पर खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, शीर्ष नेताओं सोनिया, राहुल और केसी वेणुगोपाल को धन्यवाद दिया।
यह भी पढ़ें… सत्तापक्ष फेल, विपक्ष पास : हरीश राव
वेम नरेंदर रेड्डी ने नेतृत्व का जताया आभार
वेम नरेंदर रेड्डी ने कहा कि वह राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में उन्हें मौका देने के लिए नेतृत्व के प्रति आभारी हैं। ज्ञातव्य है कि कांग्रेस ने एक सीट के लिए वर्तमान सांसद अभिषेक मनु सिंघवी का नाम चुना और वे बुधवार शाम हैदराबाद पहुंचे। दूसरी सीट के लिए उम्मीदवार कौन होगा, इस पर रात तक चर्चा और सलाह-मशविरे के बाद वेम नरेंदर रेड्डी को मौके देने का निर्णय लिया गया।
नरेंदर रेड्डी के नाम पर किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई। इसलिए हाईकमान ने आखिरकार सीएम की बात को ही प्राथमिकता दी। अगर मुख्य विपक्ष बीआरएस मैदान में अपना उम्मीदवार उतारती है, तो दूसरी सीट के लिए मुकाबला होना अनिवार्य होता। अब बीआरएस पार्टी मैदान में नहीं होने से कांग्रेस के उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंदर रेड्डी निर्विरोध चुने जाना तय है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



