जम्मू-कश्मीर : पहाड़ी से नीचे गिरी बस 21 मरे, 51 घायल
जम्मू, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को खचाखच भरी एक यात्री बस पहाड़ी से लगभग 100 मीटर नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 51 यात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि नीचे गिरने से पहले बस ने एक अन्य सड़क पर एक ऑटो-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि यह हादसा पूर्वाह्न करीब 10 बजे रामनगर क्षेत्र में एक तीवअर मोड़ पर उस वक्त हुआ, जब निजी बस का चालक नियंत्रण खो बैठा।
पहाड़ी मार्ग से गुजर रहे सेना के एक काफिले ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि बस में 65 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश अपने दैनिक कामकाज के लिए रामनगर से उधमपुर जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि बस का ऊपरी हिस्सा लगभग पूरी तरह उखड़ गया और यह (बस) लोहे के कबाड़ में तब्दील हो गई, जिससे बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया।
चालक का नियंत्रण खोने से बस पलटी
उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक शिव कुमार शर्मा ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा कि रामनगर से उधमपुर जा रही बस के चालक ने पहाड़ी रास्ते पर नियंत्रण दिया और बस पलटकर नीचे एक अन्य सड़क पर आ गई, जहाँ एक ऑटो-रिक्शा भी इसकी चपेट में आ गया। मौके पर 15 यात्रियों को मृत पाया गया, जबकि चार ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो और लोगों की मौत उधमपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई। मृतकों में तिलो राम, प्रेमनाथ, करतार चंद, सोम राज, रामचंद, गीता देवी, रोमल सिंह, शारदा देवी, सन्नी, विशाली देवी, पुष्प राज, रामोलो राम, गुलाबो देवी, जालम सिंह, केसर सिंह, कांता देवी और अनीता देवी शामिल हैं। ये सभी रामनगर के निवासी हैं। शर्मा ने कहा कि स्थानीय निवासियों ने बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की।
यह भी पढ़ें… बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम का झालमुरी खरीदना नाटक है : ममता
वरिष्ठ अधिकारी फोन पर स्थिति की निगरानी करते रहे
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रामनगर के थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी समेत पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर सेना के जवानों के साथ संयुक्त बचाव अभियान चलाया। बाद में हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से वाहन को सीधा किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी फोन पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
उधमपुर से रामनगर जा रहे एक सैन्य काफिले का नेतृत्व कर रहे एक जवान ने बताया कि बस को पहाड़ी से नीचे लुढ़कते देख उन्होंने तुरंत कार्रवाई की। उसने कहा कि मैं काफिले का नेतृत्व कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। वाहन करीब 100 मीटर की ऊँचाई से गिरा। हमने तुरंत क्षेत्र की घेराबंदी कर बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मश्क्कत से यात्रियों को निकाला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुए बस हादसे में कई लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। मैं दुखद घटना में जान गँवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करती हूँ। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में हुई लोगों की मौत के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ।
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना
जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। उन्होंने कहा कि मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। इस दुखद दुर्घटना में जान गँवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएँगे। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है।
मेरी गहरी संवेदनों शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। सिन्हा ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
अब्दुल्ला ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सरकार दुःख की इस घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उधमपुर-रामनगर बस हादसे से बेहद दुखी हूँ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करती हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






