महात्मा बसवेश्वर ने दिया समानता का संदेश : पोन्नम प्रभाकर
हैदराबाद, तेलंगाना पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि महात्मा बसवेश्वर एक महान संत थे, जिन्होंने समाज को समानता, सामाजिक न्याय और नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवन शैली का संदेश दिया।
तेलंगाना पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित श्री महात्मा बसवेश्वर की 893वीं जयंती पर आयोजित समारोह में मंत्री पोन्नम प्रभाकर और वाकिटि श्रीहरि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने बसवेश्वर जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बदलते समय के अनुरूप बसवेश्वर के विचारों, जीवन और उनके आदर्शों को समझना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बसवेश्वर के नाम पर कॉर्पोरेशन की स्थापना की है और बसवेश्वर भवन के निर्माण के लिए जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा। इस कार्य में केवल सरकार ही नहीं, बल्कि बसवेश्वर के अनुयायियों की भी भागीदारी होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें… पीसीसी प्रोटोकॉल एवं कोआर्डिनेशन कमेटी का पुनर्गठन
बसवेश्वर के सिद्धांतों से प्रेरणा लेने का आह्वान
मंत्री ने कहा कि बसवेश्वर के विचारों से प्रेरित होकर राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से आगे बढ़ने का कार्य किया। आने वाली पीढ़ियों को भी बसवेश्वर के सिद्धांतों से अवगत कराया जाएगा। बसवेश्वर ने समाज में जाति भेदभाव को समाप्त करने और सभी मनुष्यों को समान मानने के विचार को फैलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कार्य ही मोक्ष है के अपने संदेश के माध्यम से कड़ी मेहनत और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।
महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के लिए उनके द्वारा किए गए सुधार आज भी प्रेरणादायक हैं। समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनका योगदान अतुलनीय है। न्याय, समानता और धर्म के सिद्धांतों पर आधारित उनका मार्ग आज भी वर्तमान पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। मंत्री ने सभी लोगों से आह्वान किया कि वे बसवेश्वर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समानता पर आधारित समाज के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम में सांसद सुरेश शेटकार, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन गुरुनाथ रेड्डी, हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सज्जनार, बीसी कॉर्पोरेशन के चेयरमैन नूति श्रीकांत गौड़, फिशरीज कॉर्पोरेशन के चेयरमैन मेट्टू साई कुमार, पूर्व सांसद बी.बी. पाटिल, बीसी कल्याण विभाग की सचिव बालमयादेवी व अन्य प्रमुख नेता और अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






