पीएम मोदी ने 97 वर्षीय माखन लाल सरकार से लिया आशीर्वाद

कोलकाता, कोलकाता में सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 97 साल के बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखन लाल सरकार का आशीर्वाद लिया। पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाया और उनके पैर छूकर सम्मान जताया। माखन लाल सरकार सिलीगुड़ी के रहने वाले हैं और भाजपा के शुरुआती दौर के बेहद पुराने नेताओं में गिने जाते हैं। समीक भट्टाचार्य के मुताबिक, माखन लाल सरकार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के करीबी सहयोगी थे। जब मुखर्जी कश्मीर यात्रा पर गए थे, तब माखन लाल सरकार भी उनके साथ थे। उसी दौरान उन्हें कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था।

1952 में कश्मीर में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान माखन लाल सरकार को जेल भेजा गया था। कहा जाता है कि वे मुखर्जी की आखिरी यात्रा के भी साथी रहे थे।1980 में भारतीय जनता पार्टी बनने के बाद उन्हें पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों का संगठन प्रभारी बनाया गया। सिर्फ एक साल में उन्होंने करीब 10,000 लोगों को बीजेपी से जोड़ दिया था।

बंगाल में बीजेपी के सबसे वरिष्‍ठ कार्यकर्ता

1981 से लगातार 7 साल तक वे जिला अध्यक्ष रहे। उस समय यह बहुत बड़ी बात मानी जाती थी, क्योंकि आमतौर पर भाजपा नेता एक ही पद पर दो साल से ज्यादा नहीं रहते थे।समिक भट्टाचार्य ने यह भी बताया कि कांग्रेस शासन के दौरान माखन लाल सरकार को एक राष्ट्रभक्ति गीत गाने पर दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

अदालत में उनसे माफी मांगने को कहा गया, लेकिन उन्होंने माफी मांगने से इनकार कर दिया और कोर्ट में फिर वही गीत गाया। बताया जाता है कि जज उनके हौसले से प्रभावित हो गए और उन्हें घर लौटने के लिए फर्स्ट क्लास टिकट और 100 रुपये देने का आदेश दिया। 97-98 साल की उम्र में भी माखन लाल सरकार को भाजपा और राष्ट्रवादी आंदोलन के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं में गिना जाता है।

बंगाल में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर रचा इतिहास

शनिवार को पश्चिम बंगाल में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन होने जा रहा है, क्योंकि भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य के पहले भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। आज होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से राजनीतिक नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और समर्थकों की अभूतपूर्व भीड़ उमड़ने की उम्मीद है, जो तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को समाप्त करने के बाद राज्य में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन सहित कई शीर्ष नेताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है, जिसे भाजपा बंगाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण के रूप में पेश कर रही है।

20 से अधिक मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम समारोह में शामिल

पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा शासित राज्यों के 20 से अधिक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री या तो कोलकाता पहुंच चुके हैं या समारोह में शामिल होने के लिए रास्ते में हैं। शहर पहुंच चुके नेताओं में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राजस्थान के प्रेम चंद बैरवा और महाराष्ट्र की सुनेत्रा पवार सहित उपमुख्यमंत्री भी कोलकाता पहुंच चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। वरिष्ठ भाजपा नेता, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के सदस्य भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

बंगाल भाजपा के नेताओं और हस्तियों को निमंत्रण

अग्निमित्रा पॉल समेत बंगाल भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और नव निर्वाचित भाजपा विधायक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले हैं भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस शासनकाल के दौरान राजनीतिक हिंसा में कथित तौर पर मारे गए 200 से अधिक लोगों के परिवारों को भी आमंत्रित किया है।“सोनार बांग्ला” के विचार को बढ़ावा देने के प्रयास में, पार्टी ने व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन जगत की हस्तियों को भी निमंत्रण भेजा है।

उद्योगपति संजय बुधिया और सज्जन भजंका, अभिनेत्री और नृत्यांगना ममता शंकर, लेखक, कलाकार और फिल्म जगत की हस्तियां आमंत्रित लोगों में शामिल हैं। न्यायपालिका के वर्तमान और सेवानिवृत्त सदस्यों को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।

भारी सुरक्षा और भीड़ को संभालने के खास इंतजाम

समारोह से पहले ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, लगभग 1,000 VVIP मेहमानों और लगभग 9,000 अन्य उपस्थित लोगों को निमंत्रण पत्र भेजे जा चुके हैं। लाखों भाजपा समर्थकों के भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है।

लगभग 50,000 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जबकि भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए 20 से अधिक प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।मध्य कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कार्यक्रम स्थल के आसपास लगभग 4,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कोलकाता पुलिस ने एक खास ट्रैफिक एडवाइजरीभी जारी की है, जिसके तहत VVIP मेहमानों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए कई सड़कों पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है।

राज्य की नई सरकार पहली कैबिनेट बैठक करेगी

शपथ ग्रहण समारोह के बाद नई बीजेपी सरकार राज्य विधानसभा में अपनी पहली कैबिनेट बैठक कर सकती है। बता दें कि इस शपथ ग्रहण को सिर्फ सरकार बदलने के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति के लिए एक बड़े और ऐतिहासिक मोड़ के तौर पर माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार राज्य में बीजेपी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। (भाषा)

यह भी पढ़ेऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद पर भारत की कड़ी प्रतिक्रिया: मोदी

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button