जीएसयूपीएस मेकलामंडी डिजिटल स्कूल में आचार्य महाश्रमण कंप्यूटर लैब उद्घाटित
हैदराबाद, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की स्थानीय शाखा तेरापंथ युवक परिषद, हैदराबाद द्वारा आज जीएसयूपीएस मेकलामंडी डिजिटल स्कूल, कावाडीगुड़ा में आचार्य महाश्रमण कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया गया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम का उद्घाटन परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश डागा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन मांडोत की उपस्थिति में किया गया। स्कूल की प्रधानाध्यापिका जी. स्वरूपा ने तेरापंथ युवक परिषद के प्रतिनिधियों का स्कूल प्रबंधन की ओर से स्वागत किया। राष्ट्रीय पदाधिकारी ने आचार्य महाश्रमण कंप्यूटर लैब पट्ट का अनावरण करते हुए स्कूल प्रबंधन समिति को लैब संबंधित सामग्री भेंट की।
रमेश डागा ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों को संबोधित करते हुए हर व्यक्ति के जीवन में एक शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय शाखा अध्यक्ष अभिनंदन नाहटा और सचिव अनिल दुग्गड़ के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए परिषद के तीन प्रमुख उद्देश्यों सेवा, संस्कार और संगठन का उल्लेख किया। अभातेयुप उपाध्यक्ष ने आज के युग में कंप्यूटर लैब की महत्ता पर जोर दिया।
जी. स्वरूपा ने पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से स्कूल को निरंतर सहयोग देने के लिए तेरापंथ युवक परिषद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि तेयुप हैदराबाद ने अतीत में 10 ग्रीन बोर्ड और कुछ डेस्कटॉप सिस्टम भेंट किए। आज के उद्घाटन समारोह के दौरान तेयुप हैदराबाद ने ऑल-इन-वन प्रिंटर के साथ कई डेस्कटॉप सेट स्कूल को सौंपे। हैदराबाद शाखा अध्यक्ष अभिनंदन नाहटा ने सभी राष्ट्रीय और स्थानीय पदाधिकारियों का स्कूल प्रबंधन से परिचय कराया।
यह भी पढ़ें… माहेश्वरी मंडल, हैदराबाद (उत्तर) का महेश उत्सव संपन्न
तेयुप की सीएसआर व तकनीकी पहलों की जानकारी
तेयुप हैदराबाद के सलाहकार राजकुमार सांखला ने डिजिटलीकरण के महत्व पर बल दिया। शाखा उपाध्यक्ष और तेरापंथ टास्क फ़ोर्स के राष्ट्रीय संयोजक मनीष जैन ने टीटीएफ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों के प्रबंधन में कैसे मदद कर सकता है। सह मंत्री जिनेंद्र सेठिया ने आचार्य महाप्रज्ञ मेडिकल्स की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष आशीष डाक ने तेयुप की विभिन्न सीएसआर गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
संघठन मंत्री जिनेन्द्र बैद ने सार्वजनिक भाषण प्रशिक्षण कक्षाओं के बारे में जानकारी दी। जेटीन प्रतिनिधि ने सूचना प्रौद्योगिकी और मीडिया के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन सह मंत्री सौरभ भंडारी ने किया। कंप्यूटर संबंधित सामग्री की व्यवस्था और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने में प्रेमप्रकाश पुगलिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूर्व अध्यक्ष निर्मल दुग्गड़ ने तेयुप द्वारा आयोजित विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी दी।
अवसर पर तेरापंथ किशोर मंडल के प्रतिनिधि, संयोजक अरिहंत गुजरानी, संयोजक ऋषभ चिंडालिया, राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति सदस्य राहुल श्यामसुखा, विशाल आंचलिया, शाखा प्रभारी कोमल डागा, तेयुप के कार्यकर्ता राहुल गोलेच्छा, चेतन मरलेचा, शुभम बंबोली, आदेश पिरोदिया, रॉबिन बैद, प्रांजल दुग्गड़ व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



