हैदराबाद, तेलंगाना राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने आज एआईजी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक जेडएपी-एक्स उपकरण का उद्घाटन किया। दक्षिण भारत में अपनी तरह का पहला जेडएपी-एक्स जाइरोस्कोपिक न्यूरो-रेडियोसर्जरी प्लेटफॉर्म न्यूरो-ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाते हुए जटिल मस्तिष्क ट्यूमर से जूझ रहे मरीजों को सुरक्षित, सटीक और दर्द-रहित विकल्प प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री ने अवसर पर कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में चिकित्सा अवसंरचना और मानव संसाधन का विशेष महत्व है। सरकार जन स्वास्थ्य और स्वस्थ तेलंगाना के निर्माण के लिए अथक प्रयास कर रही है। सरकार निर्माणाधीन सुपर स्पेशियालिटी, मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों के कार्य को पूरा करने के साथ-साथ चिकित्सीय संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं के प्रावधानों को प्राथमिकता दे रही है, ताकि राज्य में लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल सेवाएँ प्राप्त हो सकें।
दामोदर राजनरसिम्हा ने एआईजी हॉस्पिटल्स प्रबंधन को दी बधाई
मंत्री ने कहा कि प्राथमिक, माध्यमिक और क्षेत्रीय स्वास्थ्य विभागों को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में आम जनता के लिए निःशुल्क गैर-संचारी रोग क्लीनिक तथा मोबाइल क्रीनिंग सेंटर भी शुरू किए गए हैं। साथ ही कॉर्पोरेट शैली में सेवाएं प्रदान करने के लिए उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में चालीस किलोमीटर के दायरे में सौ से अधिक ट्रॉमा केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में एम्स और कॉर्पोरेट अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। दामोदर राजनरसिम्हा ने एआईजी हॉस्पिटल्स में अत्याधुनिक न्यूरो-ऑन्कोलॉजी उपकरण स्थापित करने के लिए प्रबंधन को बधाई दी। अवसर पर एआईजी के अध्यक्ष डॉ. नागेश्वर रेड्डी ने बताया कि जेडएपी-एक्स प्लेटफॉर्म से भारत और पड़ोसी क्षेत्रों के हजारों मरीजों को लाभ होने की उम्मीद है। साथ ही मस्तिष्क ट्यूमर की देखभाल और तंत्रिका संबंधी उपचार के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।
