बम की धमकी के बाद अंबाला जिला अदालत परिसर में तलाशी ली गई
अंबाला (हरियाणा), अंबाला में सुरक्षा एजेंसियां उस वक्त अलर्ट पर आ गईं जब जिला अदालत से जुड़े एक अधिकारी को बम धमकी वाला ई-मेल मिला। इसके बाद एहतियातन पूरे अदालत परिसर को खंगाला गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। अंबाला जिला अदालत के अधिकारी को बम धमकी का ई-मेल मिलने के बाद शुक्रवार को अदालत परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अंबाला सिटी पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्ते मौके पर पहुंचे तथा अदालत परिसर में गहन तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।
कुमार ने बताया कि अदालत में आने वाले लोगों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई और आईडी कार्ड देखने के बाद ही प्रवेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को यहां तीन स्कूलों को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली, जिसके बाद स्कूल अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और गहन तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



