पुलिस पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया बाल्का सुमन ने
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) की विद्यार्थी विंग बीआरएसवी के अध्यक्ष गेल्लु श्रीनिवास यादव की पत्नी श्वेता पर जुबली हिल्स पुलिस द्वारा हत्या का मामला दर्ज किए जाने संबंधी बीआरएस कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव के लगाए आरोपों का जुबली हिल्स पुलिस द्वारा खंडन किए जाने पर पलटवार करते हुए पूर्व सांसद बाल्का सुमन ने कहा कि केटीआर ने सही कहा है जबकि पुलिस तथ्यों को तोड़ मरोड़कर पेश करके जनता को गुमराह कर रही है।
भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बाल्का सुमन ने कहा कि बीआरएस विद्यार्थी विभाग सभा में केटीआर ने जो भी कहा है, वह सच है। उन्होंने कहा कि गेल्लु श्रीनिवास की पत्नी श्वेता को जो नोटिस पुलिस ने दिया, उसमें स्पष्ट रूप से बीएनएस की धारा 109 के तहत केस दर्ज किए जाने की जानकारी दी। यह धारा हत्या का प्रयास के मामले में लगती है।
यह भी पढ़ें… रेवंत सरकार की कथनी-करनी में अंतर : रामचंदर राव
सुमन ने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस वाले मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की प्राइवेट आर्मी की तरह व्यवहार कर रहे हैं। समाज से अपराध का उन्मूलन करने के बजाए बीआरएस को लक्ष्य बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पुलिस की सारी हरकतें जनता देख रही है। पुलिस याद रखे, जनाक्रोश के आगे कोई नहीं टिक पाएगा। उन्होंने कहा कि बीआरएस खामोश है। यदि जेल भरो का आह्वान किया गया तो जगह कम पड़ जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार पर पुलिस का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पूर्व केसीआर सरकार पुलिस का दुरुपयोग करती तो आज कांग्रेस की परिस्थिति क्या होती, यह विचार करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



