हैदराबाद, उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि प्रजा सरकार छात्रों के भविष्य को ही राज्य का भविष्य मानती है।
उन्होंने आज अपने जन्मदिन के अवसर पर कोत्तापेट स्थित विक्टोरिया मेमोरियल आरफन होम का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने छात्रों, अधिकारियों और स्थानीय नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से मानव संसाधन में सुधार होगा और तेलंगाना दुनिया के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा।
भट्टी ने कहा कि सरकार अत्यंत प्राथमिकता वाले शिक्षा क्षेत्र के लिए कोई भी राशि खर्च करने तैयार है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ शिक्षा प्रदान करने के महान संकल्प के साथ यंग इंडिया इंटिग्रेटेड रेसिडेंशियल स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है ताकि राज्य का हर बच्चा दुनिया के साथ प्रतिस्पर्धा कर सके। उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 25 एकड़ में 200 करोड़ के निवेश के साथ इन स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें… बासर में हादसा, शहर में शोक
विक्टोरिया मेमोरियल के विकास हेतु बड़ा कदम
पहले चरण में राज्य में 11,600 करोड़ के निवेश के साथ 100 स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है। भट्टी ने आगे कहा कि विक्टोरिया मेमोरियल स्थल के चारों ओर दीवार के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये तत्काल मंजूर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आवंटन ट्रांसको विभाग के सीएसआर फंड से किया जा रहा है और धनराशि तत्काल जारी कर दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चारदीवारी का निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया।
बाद में उन्होंने विक्टोरिया मेमोरियल में पढ़ने वाले अनाथ छात्रों के साथ दोपहर का भोजन किया। इस कार्यक्रम में विधायक मलरेड्डी रंगारेड्डी, पूर्व सांसद मधु याशकी गौड़ और अन्य ने भाग लिया। इससे पूर्व प्रजा भवन में मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी, तुम्मला नागेश्वर राव, सीतक्का, सांसद मल्लु रवि के अलावा कई विधायकों, एमलएसी, निगमों के अध्यक्षों व अन्य नेताओं ने भट्टी विक्रमार्का को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
