तेलंगाना फंड पर भारतीय जनता पार्टी पर सवाल, ‘जय श्री राम’ पर निशाना
हैदराबाद, तेलंगाना की वन मंत्री कोंडा सुरेखा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी केवल जनसभाएं करती है और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाती है, लेकिन राज्य के लिए केंद्र से निधि दिलाने में कोई भूमिका नहीं निभाती।
मंगलवार को वारंगल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुरेखा ने कहा, ‘‘उन्हें वादों की बात करने का कोई अधिकार नहीं है। ये लोग केवल सभाएं करते हैं और ‘जय श्री राम’ बोलते हैं। क्या ‘जय श्री राम’ कहने से केंद्र से कोई धन मिलता है, कोई योजना मिलती है या कुछ और? कुछ नहीं मिलता। ये लोग मोदी जी को बुलाकर हिंदी में भाषण दिलवा देते हैं।’’
राज्य के साथ ‘‘अन्याय’’ होने पर भी चुप रहते
तेलंगाना से केंद्र सरकार में मंत्री जी. किशन रेड्डी और बंडी संजय कुमार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों मंत्री भी केंद्र से राज्य के लिए निधि दिलाने की कोशिश नहीं करते और राज्य के साथ ‘‘अन्याय’’ होने पर भी चुप रहते हैं। सुरेखा की इस टिप्पणी पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदुत्व पर हमला करना अब पहले की तरह आसान नहीं रहा और हिंदू समाज ऐसे हमलों का जवाब देना जानता है जिसकी झलक हाल के चुनाव परिणामों में साफ दिखी है।
संजय कुमार ने कई उदाहरण गिनाते हुए कहा, ‘‘-शबरिमला सोना चोरी पर पिनराई विजयन, ‘सनातन धर्म मिटाओ’ विवाद पर एम के स्टालिन, ‘गंदा धर्म/मृत्यु कुंभ’ जैसी टिप्पणी पर ममता बनर्जी, तिरुमला विवाद पर जगन मोहन रेड्डी तथा ‘हिंदू बंधु’ के तंज पर के. चंद्रशेखर राव जैसे विपक्षी नेताओं को मतदाता जवाब देते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब भी आस्था को राजनीतिक हथियार बनाया गया, मतदाताओं ने अपने तरीके से जवाब दिया है।’उन्होंने कहा, ‘‘अब अगर तेलंगाना की एक मंत्री ‘जय श्री राम’ को केंद्रीय निधि से जोड़ रही हैं तो इसके बाद क्या होगा, ऐसे रुझान पहले ही मिल चुके हैं।’’ (भाषा)
यह भी पढ़े– करियर के पीक पर शादी करने जा रही हैं रश्मिका मंदाना
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



