फ्लिप नंबर प्लेट वाली बीएमडब्ल्यू जब्त, नशे में चालक गिरफ्तार
हैदराबाद, नगर के जुबली हिल्स इलाके में नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने फ्लिप नंबर प्लेट सिस्टम लगी लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार को जब्त किया।
बताया गया कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोड नंबर-1 के पास ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान, बीएमडब्ल्यू कार का चालक गौतम नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। जाँच के दौरान जब एक कॉन्स्टेबल कार को सड़क किनारे ले जा रहा था, तभी उसने स्टीयरिंग के पास लगे एक बटन को दबा दिया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने देखा कि कार की नंबर प्लेट अचानक पलट गई।
इस अप्रत्याशित घटना से पुलिसकर्मी भी चौंक गए। तुरंत वाहन की गहन जांच की गई, जिसमें पता चला कि कार में एक अत्याधुनिक चीनी तकनीक वाला फ्लिप नंबर प्लेट सिस्टम लगा हुआ था। यह डिवाइस रिमोट या बटन के जरिए वाहन की नंबर प्लेट को छिपाने या बदलने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिससे ट्रैफिक नियमों से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : पालतू बिल्ली का मामला थाने पहुँचा
ड्राइवर का बीएसी 137, नशे में ड्राइविंग केस दर्ज
इसके बाद पुलिस ने वाहन के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर कार के दिल्ली में पंजीकृत होने का पता लगाया। कार को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। ड्राइवर की ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर गौतम का ब्लड एल्कोहल कंटेंट (बीएसी) 137 पाया गया, जो निर्धारित सीमा से काफी अधिक है। इस पर उसके खिलाफ नशे में वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया।
जुबली हिल्स ट्रैफिक इंस्पेक्टर एन. रविंदर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया गया है। अब जुबली हिल्स पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। बटन दबाते ही कार की नंबर प्लेट बदलने का वीडियो सोशल मीडिया में काफी तेजी से वायरल हो गया। कई लोग वाहन चालक के खिलाफ गुस्से का इजहार करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



