अच्छी सेहत की नींव है सुबह का नाश्ता
यह सच है कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में डटे रहने के लिए हमें प्रतिदिन कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिस चीज के लिए संघर्ष किया जा रहा है, वह मकसद ही कहीं गुम हो गया है। हम बेहतर खाना, बेहतर जीवनशैली आदि के लिए ही संघर्ष करते हैं। जबकि आज हमारी ज़िंदगी में सिवाय संघर्ष और कुछ बाकी नहीं रहा। इन सबमें हम सबसे ज्यादा अपना ही नुकसान कर रहे हैं। खासतौर पर सुबह नाश्ता न करके खुद अपने स्वास्थ्य के साथ जबरदस्त खिलवाड़ कर रहे हैं।

हालांकि आमतौर पर युवावस्था में ये सब बातें समझ नहीं आतीं। घर के खाने की बजाय हम बाहरी खाने को ज्यादा महत्व देते हैं। स्नैक्स और जंक फूड तो हमारे फेवरेट फूड में शामिल हो जाते हैं।
जबकि खानपान और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अच्छे सेहत और आकर्षक शरीर के लिए नियमित रूप से नाश्ता करना जरूरी है। यही नहीं, बाहुबल के लिए भी नाश्ता करना आवश्यक है। अगर हम ऐसा नहीं करते हैं तो युवावस्था में इसका कोई विशेष फर्क नहीं दिखेगा। लेकिन एक उम्र के बाद इसका असर महसूस होगा, जब हम शरीर में कमजोरी महसूस करेंगे।
नाश्ते में केवल समय नहीं, पौष्टिकता भी जरूरी है
हम अपने दूसरे हमउम्रों की तरह सािढय नहीं होंगे और न ही हममें जरा भी भागदौड़ की हिम्मत बची होगी।
इससे बचने का रास्ता यही है कि हम अपने नाश्ते के साथ कोई समझौता न करें। उस स्थिति में भी नहीं, जब हमें काम की वजह से एक सेकेंड सांस लेने की भी फुर्सत न हो।

विशेषज्ञों की मानें तो हमारे स्वास्थ्य के लिए सिर्फ नाश्ता करना ही जरूरी नहीं है बल्कि नाश्ते में पौष्टिक आहार का होना भी आवश्यक है। अगर आप रोज नाश्ता करते हैं, लेकिन उसमें स्वस्थवर्धक आहार शामिल नहीं हैं, तो ये नाश्ता फायदे की बजाय नुकसानदायक हो जाता है। नाश्ता न करने से इसके दुष्प्रभावों का पता तुरंत नहीं चलता, लेकिन कुछ समय के बाद ही शरीर में इसके नुकसान दिखने लगते हैं। सवाल है ऐसी स्थिति में क्या करें?
इस किस्म की स्थिति से बचने के लिए हमें कुछ नियमों का कड़ाई से पालन करना होता है। सबसे पहले आप अपने नाश्ते पर एक नजर डालिए। इसके बाद उसके गुणों के आधार पर आकलन कीजिए कि आखिर आप किस तरह का भोजन ले रहे हैं। क्या आपके नाश्ते में फल, सब्ज़ी, अनाज व दूसरे पौष्टिक पदार्थों का समावेश है? ये आपको कितनी कैलोरी प्रदान कर रहे हैं, इसे भी चेक करें।
घी और मक्खन का संतुलन: उम्र और श्रम के अनुसार सेवन करें
आमतौर पर 40-45 वर्ष की आयु के बाद चिकित्सक लोगों को घी, मक्खन व दूसरे वसायुक्त खाद्य पदार्थों की मात्रा बहुत कम कर देने या बिल्कुल बंद कर देने का परामर्श देते हैं। लेकिन अगर आपको इस उम्र में भी चिकित्सक का परामर्श नहीं सुनना और घी, मक्खन आदि का सेवन करना है तो युवावस्था में खूब शारीरिक श्रम करें।

घी, मक्खन के सेवन से हानि की संभावना तब अधिक बढ़ती है, जब कोई व्यक्ति शारीरिक श्रम बिल्कुल नहीं करता। हृदय रोगों से सुरक्षा के लिए पौष्टिक खाद्य पदार्थों का नाश्ते में समावेश सुनिश्चित करना चाहिए। क्योंकि नाश्ता दिनभर की भोजन सामग्री की मात्रा ही नहीं दिशा भी तय करता है।
किसी भी चिकित्सक व न्यूट्रीशन विशेषज्ञ के अनुसार भोजन में शारीरिक शक्ति व रोग निरोधक क्षमता के लिए सभी पौष्टिक तत्व संतुलित मात्रा में होने चाहिए। अपनी रुचि व स्वाद के लिए इसमें थोड़ा-बहुत परिवर्तन किया जा सकता है, लेकिन इतना अधिक नहीं कि किसी एक खाद्य पदार्थ की मात्रा इतनी कम न कर दी जाये कि उसकी अल्प मात्रा के कारण शरीर को हानि पहुंचने लगे। इसी तरह किसी भोजन विशेष की मात्रा बढ़ा दी जाए कि उससे हमारे शरीर को हानि पहुंचने लगे।
यह भी पढ़ें: ब्रह्मकुमारीज ने पब्लिक गार्डन में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
भूगोल और मौसम के अनुसार हो भोजन की समझदारी
याद रखें दुनिया के हर क्षेत्र के भूगोल के अनुसार भोजन की परंपरा विकसित होती है और वह उसी मौसम तथा जलवायु के अनुकूल होती है। इसलिए विदेशी व्यंजनों पर महज स्वाद के लिए लट्टू न हों। ऐसे व्यंजन हमारे स्वास्थ्य के लिए अनुकूल भी हो सकते हैं और प्रतिकूल भी।

नाश्ते का इंतजाम आपको हमेशा अपने परिवार के सदस्यों का सेहत का लाभ ध्यान में रख कर करना चाहिए। इसके लिए आप योजनाबद्ध तरीके से रोजाना खुद के लिए और परिवार के लिए नाश्ता मैनेज कर सकते हैं । आप अपने सुबह के हेल्दी नाश्ते की रेसिपी बीती रात ही सोच लें।
इससे आपको पहले से सारे सामान तैयार करने का समय मिल जायेगा और सुबह आप आराम से नाश्ता बना सकते हैं। अपना और अपने परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य का ध्यान रखकर ही आप एक हेल्दी ब्रेकफास्ट के मेन्यू को तैयार करें। आप हर रोज एक अलग मेन्यू तैयार करके पहले ही रखें।
-रेखा देशराज
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



