100 सीटें जीतने के दिन में सपने देख रही बीआरएस : ईटेला
हैदराबाद, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य व सांसद ईटेला राजेंदर ने अगले चुनाव में बीआरएस के 100 सीटों पर जीतकर फिर से सत्ता में आने संबंधी पूर्व मंत्री टी. हरीश राव के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह दिन में सपने देख रहे है। भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए ईटेला राजेंदर ने कहा कि दरअसल केसीआर के निरंकुश शासन में प्रजातांत्रिक अधिकारों को कुचला गया।
तेलंगाना एक परिवार की मुट्ठी में कैद होकर रह गया था। इसके चलते जनता ने सबक सिखाया। उन्होंने कहा कि पूर्व बीआरएस के शासन में सामाजिक तेलंगाना व लोकतात्रिक तेलंगाना केवल नारों तक सीमित होकर रह गया था। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास नारे के साथ केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के शासन को देखकर जनता अब तेलंगाना में भाजपा की ओर देख रही है।
कालेश्वरम परियोजना को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में ईटेला ने स्पष्ट किया कि कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना का निर्माण गलत नहीं है, बल्कि निर्माण में हुई अनियमितताएँ और भ्रष्टाचार गलत है। उन्होंने कहा कि यह सच है कि बीआरएस के कारण ही कालेश्वरम परियोजना के पिल्लर्स ढहे। उन्होंने कहा कि केसीआर के कुशासन के चलते तेलंगाना भारी कर्ज में डूब गया। उन्होंने कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कालेश्वरम जाँच के नाम पर समय बिता रही कांग्रेस सरकार में दम है, तो सीबीआई से जाँच कराने केंद्र को पत्र लिखे, सारा सच बाहर आ जाएगा।
यह भी पढ़ें… शमशाबाद में होगा दुनिया के सबसे बड़े मियावाकी वन का विस्तार
तेलंगाना आंदोलन में भाजपा की भूमिका पर ईटेला का बयान
ईटेला राजेंदर ने विधायक हरीश राव के साथ फार्म हाउस में ईटेला की भेंट संबंधी कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि शादी-ब्याह आदि कार्यक्रम में मिले होंगे, लेकिन विशेष तौर पर हरीश राव से नहीं मिले। ईटेला ने तेलंगाना आंदोलन में भाजपा की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए कहा कि वर्ष 1969 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री चेन्नारेड्डी के जिस आंदोलन को कुचला था, उसमें भाजपा ने काकीनाड़ा के एक वोट दो राज्य का प्रस्ताव पारित करके जान डाली थी।
ईटेला राजेंदर ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम लेते हुए कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर राजनाथ सिंह ने तेलंगाना आकर राज्य के प्रति भाजपा की कटिबद्धता जताकर भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा कि आदोलन के समय आत्महत्या कर रहे युवकों को पूर्व केंद्रीय मंत्री तेलंगाना चिन्नम्मा सुषमा स्वराज में आत्महत्या न करने की आपील कर भाजपा के साथ खड़े होने का विश्वास दिलाकर आत्मविश्वास जगाया था। उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज ने कहा था कि यदि कांग्रेस तेलंगाना नहीं देगी, तो भापजा पूरा दबाव बनाकर तेलंगाना हासिल करेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



