केंद्रीय दल ने किया नेहरू चिड़ियाघर का मूल्यांकन दौरा

हैदराबाद, चिड़ियाघर संरक्षण लक्ष्यों को हासिल करने में प्रभावी संचालन का मूल्यांकन करने के लिए केंद्रीय ज़ू प्राधिकरण ने हैदराबाद के नेहरू प्राणी उद्यान का दौरा किया। इस तीन दिवसीय निरीक्षण के दौरान विभिन्न मानकों का अध्ययन किया गया।

यहाँ जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नई दिल्ली स्थित सेंट्रल ज़ू अथॉरिटी द्वारा अप्रैल से मई के बीच देशभर के चिड़ियाघरों का प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि यह आंका जा सके कि चिड़ियाघर संरक्षण लक्ष्यों को हासिल करने में कितने प्रभावी ढंग से संचालित हो रहे हैं। इस कार्यक्रम के तहत एस.एस.वी.पी. रेड्डी और विलास एस. बारडेकर पर आधारित दो सदस्यीय मूल्यांकन दल ने नेहरू प्राणी उद्यान का दौरा कर मूल्यांकन किया।

मूल्यांकन के दौरान खतरों और दबावों की पहचान, साइट डिजाइन और योजना की समीक्षा, संसाधन, उपकरण और मानवबल का आकलन, प्रबंधन प्रणालियों का मूल्यांकन, परिणाम और उपलब्धियों का मापन तथा उद्देश्यों की प्राप्ति का निर्धारण जैसे मुद्दों का मूल्यांकन किया गया। नेहरू प्राणी उद्यान की क्यूरेटर जे. वसंता एवं डिप्टी क्यूरेटर जे. मुरलीधर ने मुख्य कार्यालय में टीम का स्वागत किया और चिड़ियाघर के विकास एवं वन्य जीव संरक्षण प्रयासों पर पॉवर पाइंट प्रस्तुति दी।

यह भी पढ़ें… रहमत बेग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे सरकार : विहिप

पशु बाड़ों और सुविधाओं का व्यापक निरीक्षण

मूल्यांकन दल ने चिड़ियाघर अधिकारियों के साथ सभी पशु बाड़ों, नाइट हाउस, स्वच्छता व्यवस्था, फीड स्टोर, अस्पताल, क्वारंटाइन ब्लॉक, माउस डियर एवं गिद्ध प्रजनन केंद्र, कार्यशाला, बुकिंग काउंटर, सफारी, बटरफ्लाई पार्क, वर्मी-कम्पोस्ट यूनिट, चारा प्लॉट आदि का निरीक्षण किया। केंद्रीय टीम ने पशु इतिहास रजिस्टर, पशुपालकों की डायरी, केस हिस्ट्री शीट, बचाव एवं पुनर्वास रिकॉर्ड, आय-व्यय विवरण, पशु गोद लेने की योजना, सीएसआर गतिविधियों से प्राप्त निधि, व्यक्तिगत दान, पशु दान तथा आगंतुकों के रिकॉर्ड भी जांचे।

आगंतुक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें बैटरी चालित वाहनों का संचालन, दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर सुविधा, पार्किंग, शेड, पेयजल, शौचालय तथा स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए विशेष कक्ष शामिल हैं। शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम, ब्रोशर तथा वेबसाइट, सिटिज़न्स ऐप और फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी मूल्यांकन किया गया।

निरीक्षण के बाद मूल्यांकन दल ने चिड़ियाघर के रखरखाव, देखभाल और पशुओं के कल्याण पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि सभी कार्य निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किए जा रहे हैं। सभी रिकॉर्ड केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के दिशा निर्देशों के अनुसार अद्यतन पाए गए। मूल्यांकन दल इस माह के अंत तक अपनी रिपोर्ट केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, नई दिल्ली के सदस्य सचिव को सौंपेगा। देशभर के सभी चिड़ियाघरों के मूल्यांकन के बाद जून-2026 में रेटिंग जारी की जाएगी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button