शेयर बाजार की आड़ में पूर्व सीबीआई संयुक्त निदेशक की पत्नी से 2.58 करोड़ की ठगी
हैदराबाद, साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर पूर्व सीबीआई संयुक्त निदेशक वी.वी. लक्ष्मीनारायण की पत्नी उर्मिला से 2 करोड़ 58 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने यह रकम शेयर बाजार में निवेश कराने के नाम पर उड़ाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उर्मिला को एक व्हाट्सऐप ग्रुप स्टॉक मार्केट प्रॉफिट गाइड एक्सचेंज 20 में शामिल किया गया, जहाँ निवेश पर कम समय में भारी मुनाफे का दावा किया गया। व्हाट्सऐप संदेशों में बताया गया कि यदि तय योजना के अनुसार निवेश किया जाए, तो बहुत कम समय में अधिकतम लाभ कमाया जा सकता है।
साइबर ठगों में शामिल दिनेश सिंह नामक व्यक्ति ने उर्मिला का विश्वास जीत लिया। उसने क्रीनशॉट भेजकर दावा किया कि उसकी रणनीति से 500 प्रतिशत तक मुनाफा कमाया जा सकता है। ग्रुप के अन्य सदस्यों ने भी कथित तौर पर अपने भारी मुनाफे के क्रीनशॉट साझा किए, जिससे उर्मिला को निवेश सुरक्षित और लाभकारी लगा।
यह भी पढ़ें… डोडला मिल्क के प्रबंधक पर तलवार से हमला
निवेश पर भारी मुनाफा दिखा, लेकिन रकम निकालना असंभव रहा
ठगों के झांसे में आकर उर्मिला ने एप्पल ऐप स्टोर से एक ऐप डाउनलोड किया। इसके बाद महिला ने 24 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 2.58 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम जुटाने के लिए उर्मिला ने अपने और अपने पति के पास मौजूद सोना गिरवी रख दिया।
जब ऐप में निवेश की गई रकम पर भारी मुनाफा दिखने लगा, तब उर्मिला ने पैसा निकालने की कोशिश की, लेकिन किसी भी तरह से रकम निकालने का विकल्प नहीं मिला। यहीं उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके तुरंत बाद उर्मिला ने साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि ठगों ने यह रकम म्यूल बैंक खातों में ट्रांसफर की। पुलिस मामले की गहन जांच करते हुए ठगों की पहचान व नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास जारी है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



