मुख्यमंत्री का आह्वान : हिमाचल में मत्स्य उत्पादन के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी अपनाने की जरूरत
शिमला, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मत्स्य पालन विभाग से मछली उत्पादन में आधुनिक प्रौद्योगिकी अपनाने का आह्वान किया है। मत्स्य पालन विभाग की मंगलवार को हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस व्यवसाय से जुड़े किसानों को लाभान्वित करने के लिए नदियों व जलाशयों के किनारे नई ‘हैचरी’ और ‘कोल्ड स्टोर’ स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री ने विभाग को राज्य भर में नए ‘कोल्ड स्टोर’ बनाने के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान करने के निर्देश दिए। सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दे रही है और इसमें मत्स्य पालन क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विभाग को किसानों को आधुनिक प्रौद्योगिकी अपनाने में मदद करने तथा उनकी आय बढ़ाने का भी निर्देश दिया।
मछली पालन से आय वृद्धि और ट्राउट पालकों के लिए राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न उपकरणों की खरीद पर सब्सिडी देकर किसानों की सहायता करती है। विभाग को इस क्षेत्र में आधुनिक पद्धतियों, उन्नत बीज किस्मों और उभरती प्रौद्योगिकियों पर किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए।
सुक्खू ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए बांधों व जलाशयों में मछली बीज भंडारण बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही विभाग को इस कार्य के लिए तैयार रहने और अगले वर्ष के लिए आवश्यक बीज का आकलन करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े : कोल इंडिया प्रमुख ने कंपनी में बड़े बदलाव की आवश्यकता जताई
सुक्खू ने कहा कि राज्य में मछली उत्पादन में वृद्धि हो रही है और 2024-25 में 19,019 मीट्रिक टन उत्पादन दर्ज किया गया था जबकि इस वर्ष अक्टूबर तक 7,773 मीट्रिक टन मछली का उत्पादन हुआ। बयान में कहा गया कि हिमाचल प्रदेश ‘ट्राउट’ मछली उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए ‘ट्राउट’ मछली पालकों के लिए एक कोष स्थापित करेगी। ‘ट्राउट’ एक मांसाहारी, मीठे पानी की मछली है जो विभिन्न प्रजातियों में पाई जाती है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



