हैदराबाद, तेलंगाना राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्यों अपर्णा एवं वंदना ने जिला शिक्षा अधिकारी आर. रोहिणी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ सीतारामपेट स्थित सरकारी बालिका प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया। यह दौरा तेलंगाना एजुकेशन डेवलपमेंट फाउंडेशन से प्राप्त अभ्यावेदन के आधार पर किया गया, जिसमें बताया गया था कि उक्त विद्यालय में बिजली, पेयजल, स्वच्छता सुविधाओं जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
दौरे के दौरान सदस्यों ने शिकायतकर्ता, विद्यालय के शिक्षकों तथा स्थानीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत की। साथ ही उन्होंने विद्यालय में बच्चों के लिए उपलब्ध शौचालय, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के उपरांत आयोग की सदस्यों ने जिला शिक्षा अधिकारी आर. रोहिणी को निर्देश दिया कि शौचालयों की मरम्मत, समुचित पेयजल सुविधा की व्यवस्था तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुरक्षा उपायों को तत्काल सुनिश्चित कर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
यह भी पढ़ें… दिगंबर जैन सोशल ग्रुप समर्पण का प्रथम वर्षगांठ समारोह
आयोग की सदस्यों ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्थानीय समुदाय के सदस्यों से परामर्श कर उनकी सहमति से विद्यालय को वर्तमान स्थान से गोशाकट हाई स्कूल में स्थानांतरित किए जाने की संभावना पर विचार करने का निर्देश दिया। आयोग ने शिकायतकर्ता एवं जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत के अंतिम निपटारे हेतु 10 फरवरी को आयोग के कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिये।
