चोपड़ा की निगाहें पेरिस डायमंड लीग में स्वर्ण पदक जीतने पर
पेरिस,लगातार दो प्रतियोगिताओं में दूसरे स्थान पर रहने के बाद स्टार भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा जब 20 जून को पिछले आठ साल में पहली बार पेरिस डायमंड लीग में भाग लेंगे, तो उनका लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना होगा।
इस 27 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने फ्रांस की राजधानी में आयोजित किए गए ओलंपिक खेलों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए पिछले साल पेरिस डायमंड लीग में हिस्सा नहीं लिया था। उन्होंने आखिरी बार 2017 में जूनियर विश्व चैम्पियन के रूप में पेरिस डायमंड लीग में भाग लिया था और तब वह 84.67 मीटर के थ्रो के साथ पाँचवें स्थान पर रहे थे। पेरिस डायमंड लीग के आयोजकों ने अभी प्रतियोगियों की पूरी सूची प्रकाशित नहीं की है, लेकिन उन्होंने घोषणा की है कि चोपड़ा और दो बार के विश्व चैम्पियन ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले उन पाँच खिलाड़ियों में शामिल हैं।जो पहले ही 90 मीटर का आंकड़ा पार कर चुके हैं।
पीटर्स 16 मई को दोहा डायमंड लीग और 23 मई को पोलैंड में जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल में चोपड़ा के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे। चोपड़ा ने 2025 सत्र की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के पोटचे फस्टूम में एक आमंत्रण प्रतियोगिता में खिताब के साथ की। यह एफ श्रेणी की मामूली प्रतियोगिता थी, जिसमें उन्होंने 84.52 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद उन्होंने 16 मई को दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर के थ्रो के साथ 90 मीटर के जादुई निशान को पार किया, लेकिन वह दूसरे स्थान पर रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.06 मीटर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले चोपड़ा ने इसके एक सप्ताह बाद पोलैंड में जानूस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता में 84.14 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ वेबर के बाद दूसरा स्थान प्राप्त किया।
पेरिस डायमंड लीग के चार दिन बाद चोपड़ा 24 जून को चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा में गोल्डन स्पाइक 2025 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग देंगे। चोपड़ा इसके बाद पांच जुलाई को बेंगलुरू में नीरज चोपड़ा क्लासिक में हिस्सा लेंगे, जिसमें वह स्वयं मेजबान भी होंगे।
यह भी पढ़े– राष्ट्रपति मुर्मू से मिले अमित शाह
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



