सीएमसी आयुक्त ने किया हैदरनगर का दौरा

हैदराबाद, साइबराबाद नगर निगम आयुक्त सृजना ने हैदरनगर एवं अन्य क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को विकासात्मक गतिविधियों को तेज़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। आयुक्त ने हर दिन एक वार्ड पहल के तहत कुकटपल्ली ज़ोन के ऑल्विन कॉलोनी सर्किल के अंतर्गत हैदरनगर वार्ड का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राम नरेश नगर, प्रशांत नगर, ए.एस. राजू नगर और अली तालाब झील के दौरे के दौरान स्थानीय आवासीय कल्याण संघों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान राम नरेश नगर में सड़क निर्माण कार्य शुरू करने, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज कार्यों की योजना बनाने और जल बोर्ड द्वारा खोदी गयी सड़क मरम्मत पर जुर्माना लगाने, सड़क से अतिक्रमण हटाने और आंतरिक सड़कों पर लावारिस वाहनों को हटाने के निर्देश दिये। आयुक्त ने अली तालाब में मल जल के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रशांत नगर क्षेत्र में सड़क विस्तारीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिये।

यह भी पढ़ें… एआई सहायक करेंगे रेल यात्रियों का मार्गर्शन

स्थानीय निवासियों ने समस्याएँ और सुझाव साझा किए, वहीं आयुक्त ने नागरिकों से जनगणना के तहत स्व-गणना में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर समस्याओं की पहचान कर त्वरित निर्णय और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

Exit mobile version