नलगोंडा : नोश फार्मा लैब के रिएक्टर में विस्फोट

हैदराबाद, नलगोंडा ज़िले के चिट्याल मंडल के बोंगोनी चेरुवु ग्राम पंचायत परिधि स्थित नोश फार्मा लैब के रिएक्टर में विस्फोट के कारण एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह 11 बजे लैब परिसर स्थित रिएक्ट में तेज आवाज के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट के साथ ही तेजी से आग फैल गई और रिएक्टर के आस-पास काम कर रहे कर्मचारी अपनी जान बचाकर बाहर निकल गए, लेकिन रिएक्टर के काफी नजदीक 9 कर्मचारी कार्य कर रहे थे, जिनमें से एक कर्मचारी की मौत हो गई। इसके अलावा इस विस्फोट की चपेट में आने से शिवप्रसाद (25), शंकर (35), लोकेश (32), लिंगा स्वामी (30) और डेविड (23) बुरी तरह से झुलस गए। डेविड झारखंड का रहने वाला है और अन्य घायल कर्मचारी तेलंगाना निवासी हैं। घायलों को डीआरडीओ अपोलो अस्पताल कंचनबाग में भर्ती करवाया गया।

तापमान बढ़ने से रिएक्टर में हुआ विस्फोट

बताया जा रहा है कि कंपनी के तीसरे ब्लॉक में 9 कर्मचारी कार्य कर रहे थे और तापमान के अचानक बढ़ जाने से रिएक्टर में विस्फोट हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय दमकल केंद्र से दमकल कर्मी और स्थानीय पुलिस तुरन्त घटनास्थल पर पहुँच गए। दमकलकर्मियों ने फायर इंजन की मदद से आग पर काबू पाया। इस हादसे में बुरी तरह से जख्मी चिट्याल मंडल के चिन्नाकापर्ती ग्राम निवासी बोड्डु बालकृष्णा (32) की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें… एआई सहायक करेंगे रेल यात्रियों का मार्गर्शन

बालकृष्णा पिछले पाँच वर्ष से लैब में टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था। घटना की जानकारी मिलने पर नलगोंडा ज़िलाधीश चंद्रशेखर ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। कर्मचारियों के परिजनों ने इस घटना के प्रति कड़ा विरोध जताते हुए लैब के सामने धरना दिया। इसी लैब में गत 9 अप्रैल को रिएक्टर के फटने से दो कर्मचारी घायल हो गए थे। घायल कर्मचारी अभी पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्राप्त नहीं कर पाए थे कि लैब परिसर में आज एक और रिएक्टर में विस्फोट हो गया। पीड़ितों के परिजनों ने बताया कि लैब प्रबंधन की लापरवाही के कारण ही इस प्रकार की घटनाएँ हो रही हैं। उन्होंने लैब प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने की माँग की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button