केटीआर ने की एलपीजी मूल्य वृद्धि को तत्काल वापस लेने की माँग
हैदराबाद, भारास के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की दरों में की गई भारी वृद्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि दरअसल गैस सिलेंडर की कीमत सीधे करीब 1 हजार रुपये बढ़ाकर श्रमिकों को केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर उपहार दिया है।
भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में आयोजित मई दिवस समारोह को संबोधित करते हुए केटीआर ने कहा कि बढ़ाई गई दरों से लाखों श्रमिकों की आजीविका खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बढ़ाई दरें तत्काल वापस लेने की माँग की। उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक सिलेंडर पर सीधे 1 हजार रुपये की बढ़ोत्तरी करना इतिहास में पहली बार हुआ है।
यह मोदी सरकार के लिए ही संभव है। उन्होंने कहा इतनी भारी वृद्धि से आम आदमी पर बुरी तरह से प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आजीविका के लिए लोगों को पकौड़े बनाने की सलाह देने वाले प्रधानमंत्री ने अब सिलेंडरों की कीमतें जिस प्रकार बढ़ाई हैं, उसके कारण पकौड़े बनाना भी असंभव हो जाएगा।
हैदराबाद में वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की दर सीधे 3,315 रुपये होने के बाद अब रेस्टोरेंट्स व होटलों को बंद करना पड़ेगा। इससे इनमें काम करने वाले श्रमिकों के बेरोजगार होने का खतरा पैदा होगा। उन्होंने कहा कि 5 किलो वजनी छोटे गैस सिलेंडर की दरें भी बढ़ा दी गई हैं, जो शोचनीय है। उन्होंने कहा कि एक ओर भारतीय रुपये की कीमत घटती जा रही है, वहीं दूसरी ओर सिलेंडर की दरें आकाश छूने लगीं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस कदम से महँगाई बढ़ेगी, जिसका खामियाजा आम आदमी को भोगना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने फैंसले पर पुनर्विचार कर बढ़ी दरें वापस ले। वरना केंद्र सरकार के निर्णय के खिलाफ बीआरएस आंदोलन करने पर विचार करेगी।
ओआरआर सड़क दुर्घटना पर जताया दुःख
केटीआर ने हैदराबाद के आउटर रिंग रोड (ओआरआर) के पास हुई सड़क दुर्घटना में सिरसिल्ला बीआरएस नेता के. बोल्ली राममोहन के भाई बोल्ली राजू परिवार के 6 सदस्यों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों से फोन पर बात कर ढाँढस बंधाया तथा पार्टी की ओर से हर प्रकार का सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पीए महेंदर रेड्डी को हर प्रकार की मदद करने का आदेश दिया। उन्होंने शमशाबाद एसीपी नागभूषणम से बात कर दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें… एआई सहायक करेंगे रेल यात्रियों का मार्गर्शन
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



