शिकायतों का तुरंत किया जाए समाधान : हरिचंदना दासरी
हैदराबाद, हैदराबाद जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी ने आज कहा कि प्रजावाणी में विभिन्न मुद्दों पर मिली शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएम तथा जिला प्रजावाणी के साथ दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों से व्हाट्सऐप पर मिला कोई भी आवेदन लंबित है, तो उसे इस माह की 31 तारीख तक हल किया जाना चाहिए।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हरिचंदना दासरी ने अतिरिक्त कलेक्टर कादिरवन पलानी (राजस्व), जितेंद्र रेड्डी (स्थानीय निकाय), राजस्व अधिकारी ई. वेंकटचारी के साथ कलेक्ट्रेट कॉफ्रेंस हॉल में प्रजावाणी कार्यक्रम में लोगों से शिकायतें प्राप्त कीं। कार्यक्रम के तहत आज कुल 279 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 179 मामले इंदिरम्मा आवास, 11 टू बीएचके, 52 राजस्व तथा 37 अन्य विभागों से संबंधित थे।
हरिचंदना दासरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वह जिले के विभिन्न हिस्सों के लोगों द्वारा प्रजावाणी में विभिन्न मुद्दों पर प्रस्तुत शिकायतों या समस्याओं का तुरंत जवाब देते हुए उनका समाधान सुनिश्चित करें। जिला कलेक्टर ने कहा कि जिला अधिकारियों को विभिन्न मुद्दों पर लोगों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों की पूरी तरह से जाँच करनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर उनकी जाँच फील्ड लेवल पर भी की जानी चाहिए।
संबंधित विभागों के अधिकारियों को उन समस्याओं को तुरंत हल करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों तथा वरिष्ठ नागरिकों द्वारा व्हाट्सऐप पर मिली शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए उनका निराकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों पर विशेष रूप से ध्यान देते हुए उनका हल कर संबंधित वेबसाइट पर अपलोड किया जाना चाहिए। अवसर पर हाउसिंग, राजस्व, दिव्यांग, जिला कल्याण, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



