कांग्रेस का पलड़ा भारी – तेलंगाना स्थानीय निकाय चुनाव
हैदराबाद, तेलंगाना में शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव आज छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण रहे। मतदान समाप्त होने के कुछ ही देर बाद सामने आये एग्जिट पोल में 60 प्रतिशत से अधिक स्थानों पर कांग्रेस को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है। दूसरी ओर विपक्ष के नेताओं ने कांग्रेस पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
मतदान समाप्त होने के साथ ही एग्जिट पोल का शोर शुरू हो गया है। पीपुल्स प्लस एग्ज़िट पोल का अनुमान है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस को प्रचंड जीत मिल सकती है। अनुमान है कि कांग्रेस को 68-76 नगरपालिकाएँ, बीआरएस को 29 से 36, भाजपा को 3 से 4 तथा मजलिस को 1 निकाय पर बहुमत मिल सकता है। वार्ड स्तर पर अनुमान लगाया गया है कि कांग्रेस को 1,210-1,290, बीआरएस को 860-930, भाजपा को 250-270 तथा मजलिस को 35-44 वार्डों में जीत मिल सकती है। एग्जिट पोल में रामगुंडम, मंचिरियाल, कोत्तागुड़ेम, नलगोंडा, महबूबनगर में कांग्रेस को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि करीमनगर और निज़ामाबाद में भाजपा को बढ़त मिलने की संभावना है।
कांग्रेस को 36 प्रतिशत, बीआरएस को 29.7 प्रतिशत, भाजपा को 19.3 प्रतिशत और मजलिस को 2 प्रतिशत मत मिलने का अनुमान जताया गया है। उल्लेखनीय है कि दिसंबर में ग्राम पंचायत चुनावों में सफलता के बाद कांग्रेस राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। वहीं भाजपा खुद को कांग्रेस और बीआरएस के विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश में है। 12,944 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि कुल 52,17,413 मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज थे।
यह भी पढ़ें… भारतीय भाषाओं में उच्च शिक्षा पाठ्यपुस्तकों के लिए 6,000 करोड़ आवंटित : डॉ. चंदन
नलगोंडा और संगारेड्डी में भी उच्च मतदान प्रतिशत
तेलंगाना नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह 7 बजे से शुरु हुआ और शाम 5 बजे समाप्त हो गया। 5 बजे से पहले मतदान केंद्रों में प्रवेश करने वाले मतदाताओं को ही वोट डालने की अनुमति दी गई। जारी आँकड़ों के अनुसार कुल 73.01 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान यादाद्री भुवनगिरी जिले के चौटुप्पल में 91.91 प्रतिशत, नलगोंडा के चंदूर में 91 प्रतिशत, संगारेड्डी के जिन्नारम में 91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सबसे कम मतदान निजामाबाद में 59 प्रतिशत और करीमनगर में 63 प्रतिशत दर्ज किया गया। राज्य के 116 नगरपालिकाओं के 2,569 वार्डों और सात नगर निगमों के 412 वार्डों में चुनाव संपन्न हुए। यदि पुनर्मतदान की आवश्यकता हुई तो 12 फरवरी को कराया जाएगा। मतगणना 13 फरवरी को होगी और उसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। 16 फरवरी को निर्वाचित वार्ड सदस्यों (काउंसलर/कॉरपोरेटर) को शपथ दिलाई जाएगी, जिसके बाद मेयर/चेयरपर्सन और डिप्टी मेयर/वाइस चेयरपर्सन के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव होंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



