मोदी सरकार की सुशासन यात्रा को पचा नहीं पा रही कांग्रेस : लक्ष्मण

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा मोदी सरकार के शासन की अघोषित आपातकाल से तुलना करने वाले बयान की निंदा करते हुए कहा कि मोदी सरकार की सुशासन यात्रा को पचा नहीं पाने की वजह से ही शीर्ष कांग्रेसी नेता इस तरह की गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं।

नामपल्ली स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। कांग्रेस पार्टी लगातार मिल रही पराजयों को सहन न कर पाने के कारण झूठे प्रचार का सहारा ले रही है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अघोषित आपातकाल वाले बयान को खारिज करते हुए कहा कि असली आपातकाल वर्ष 1975 में कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाया गया था, जिसके जख्म आज भी ताजा हैं।

मोदी सरकार की नीतियों से युवाओं और किसानों को लाभ

डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा घोषित आपातकाल में नागरिक अधिकारों के अलावा मीडिया की स्वतंत्रता को कुचला गया जबकि मोदी शासन में लोकतांत्रिक संस्थाएं और न्यायपालिका मजबूत हुई हैं तथा मीडिया समेत प्रत्येक क्षेत्र को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार से आने वाला व्यक्ति तीसरी बार प्रधानमंत्री बना है, यह भारत के लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जनता के बीच मोदी की बढ़ती लोकप्रियता को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और इसलिए अब उनके पहनावे और जाति तक पर सवाल उठा रहे हैं।

डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि 2014 में शुरू हुई योजनाएं जैसे स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया ने लाखों युवाओं को स्वरोजगार और स्टार्टअप की दिशा में प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप आज देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है।। मोदी सरकार में 1.60 लाख स्टार्टअप्स और 118 यूनिकॉर्न्स बने हैं। रोज़गार मेला के माध्यम से 10 लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि 2014 में धान का एमएसपी 1,310 रुपये था, जो अब बढ़कर 2,300 रुपये तक पहुंच चुका है।

यह भी पढ़ें… भारतीय छात्रों को चेताया अमेरिका ने

मोदी सरकार की योजनाएं, रणनीति और वैश्विक प्रभाव

मुफ्त यूरिया, फसल बीमा योजना, हेल्थ कार्ड्स और ई-नाम के माध्यम से किसानों को सीधा लाभ पहुंच रहा है। इसके अलावा उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृत्व वंदना योजना, 26 सप्ताह की मातृत्व अवकाश जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मोदी सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। भारत की वैश्विक पहचान के विषय में उन्होंने कहा कि अमेरिका, रूस, इजरायल, यूएई जैसे देशों के साथ भारत के संबंध सुदृढ़ हुए हैं। ब्रिक्स जैसे मंचों पर भारत की भूमिका पहले की तुलना को और भी प्रभावशाली बनी है।

डॉ. लक्ष्मण ने ऑपरेशन सिन्दूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत की सैन्य क्षमता और रणनीतिक परिपक्वता का उदाहरण है, जिसमें बिना नागरिक क्षति के दुश्मन के ठिकानों को ध्वस्त किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों तक राजनीति करती है, लेकिन चुनाव के बाद केवल राष्ट्रहित को ही प्राथमिकता देती है। तेलंगाना में कांग्रेस और बीआरएस की आपसी लड़ाई को लेकर कटाक्ष करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को समान दृष्टि से देखते हैं, चाहे वे नीति आयोग की बैठकों में भाग लें या नहीं।

डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए मोदी सरकार संकल्पबद्ध है, इसकी प्राप्ति के लिए देशवासियों को मोदी सरकार पर समर्थन बनाए रखने की आवश्यकता है। अवसर पर भाजपा के राज्य महासचिव दुग्याला प्रदीप कुमार, प्रवक्ता एन.वी. सुभाष, गंगापुरम वेंकट रेड्डी, किसान मोर्चा सदस्य गोली मधुसूदन रेड्डी, वरिष्ठ नेता ताडूरी श्रीनिवास आदि उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button