कांग्रेस का हाथ श्रमिकों के साथ, रेवंत रेड्डी ने मोदी और केसीआर से किया सावधान

हैदराबाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शहरी मतदाताओं को सावधान करते हुए कहा कि अगर वे वर्तमान म्युनिसिपल चुनावों में नरेंद्र मोदी और केसीआर के चित्र देखकर वोट डालेंगे, तो धोखा खाएंगे। मोदी और केसीआर से स्थानीय समस्याओं का समाधान नहीं होगा। कांग्रेस पार्टी को वोट देंगे, तो निश्चित रूप से समस्याओं का समाधान होगा।

रेवंत रेड्डी ने म्युनिसिपल चुनाव प्रचार के तहत रविवार को भूपालपल्ली जिले का दौरा किया। उन्होंने पहले रेगोंडा मंडल के कोडावटंचा स्थित श्री लक्ष्मीनरसिम्हा स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद चेल्पुर गाँव में प्रजा पालना प्रगति बाटा सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए रेवंत रेड्डी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार ऐसा कोई निर्णय नहीं लेगी, जिससे सिंगरेणी के मजदूरों को नुकसान पहुँच सकता है। उन्होंने ऐलान किया कि सिंगरेणी पे मजदूरों को परेशान कर रहे मेडिकल अनफिट बोर्ड को रद्द कर देंगे।

सिंगरेणी विरासत नौकरियों पर गलत प्रचार, श्रमिकों को भरोसा

साथ ही कहा कि सिंगरेणी में विरासत नौकरियों के खिलाफ कुछ लोग गलत प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार श्रमिकों के साथ न्याय करेगी। प्रजा सरकार सिंगरेणी के श्रमिकों के आशीर्वाद से ही सत्ता में है। यह सरकार सिंगरेणी के श्रमिकों को नुकसान पहुँचाने वाला कोई काम नहीं करेगी। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में गोदावरी पुष्कर के मद्देनजर बासर से भद्राचलम तक पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए 3 से 4 हजार करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे।

सीएम ने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री एनटीआर ने सबसे पहले भूपालपल्ली को मंडल केंद्र बनाया और कोयला खनन की नींव रखी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपालपल्ली जिले को रद्द करने की झूठी अफवाह फैलाई जा रही है। किसी भी जिले को रद्द करने या नया जिला बनाने का कोई भी प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है। भूपालपल्ली जिला कायम रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षणिक राजनीतिक लाभ के लिए विपक्षी दल गलत प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिलों के पुनर्गठन मुद्दे पर विचार करने से पहले सभी से राय ली जाएगी और विधानसभा में भी इस पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केसीआर ने डबल बेडरूम आवास देने का वादा कर जनता के साथ धोखा किया था।

हर क्षेत्र में 3,500 इंदिरम्मा आवास निर्माण का ऐलान

पिछली सरकार ने गरीबों के आत्मसम्मान का कोई परवाह नहीं की। हमारी सरकार सत्ता में आते ही प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 3,500 इंदिरम्मा आवास बना रही है। इस वर्ष 22,500 करोड़ रुपये की लागत से 4.5 लाख घर बनाए जा रहे हैं। आगामी बजट में इंदिरम्मा घरों पे दूसरे चरण को स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने नगरपालिकाओं और निगमों का विकास के लिए 17,442 करोड़ आवंटित किए हैं।

संयुक्त वरंगल जिले में नगर पालिकाओं के लिए 6,116 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। केवल भूपालपल्ली नगरपालिका के लिए 92 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बीजेपी और बीआरएस पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी कालेश्वरम मामले में केसीआर को और फार्मूला ई रेस मामले में केटीआर को बचा रहे हैं। केसीआर, केटीआर और हरीश राव को गिरफ्तार किये जाने तक किशन रेड्डी को वह कल्वाकुंट्ला किशन राव के नाम से ही बुलायेंगे।

मुख्यमंत्री ने फोन टैपिंग मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकार के शासनकाल के दौरान फोन टैंपिंग के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर सैकड़ों करोड़ रूपये की लूट की गयी। उन्होंने सवाल किया कि बीआरएस पार्टी के खाते में सैकड़ों करोड़ रुपये कहाँ से आए। बीआरएस इन पापों से नहीं बच सकती है। बीआरएस का मतलब ब्लैकमेल राजनीतिक समिति है।
सभा में मंत्री मंत्री डी. श्रीधर बाबू, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, कोंडा सुरेखा, स्थानीय विधायक गंड्रा सत्यनारायण राव व अन्य नेताओं ने भाग लिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button