दक्षिणेश्वर सुरेश भारतीय टेनिस की नई उम्मीद

लिएंडर पेस, महेश भूपति, रोहन बोपन्ना व सानिया मिर्ज़ा के रिटायर होने के बाद भारतीय टेनिस में सूनापन आ गया था, लेकिन अब स्थितियां बदलती हुई नज़र आ रही हैं। दक्षिणेश्वर सुरेश के रूप में उम्मीद की एक नई किरण दिखायी दे रही है, जिनकी वजह से भारतीय टेनिस प्रेमी फिर से सपने देख सकते हैं, ऑस्ट्रलियन ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन व यूएस ओपन में एक भारतीय को हाथ में ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी उठाये हुए। वैसे पिछले आठ माह सुरेश के लिए भी किसी सपने से कम न थे।

सुरेश नॉर्थ कैरोलिना की वेक फॉरेस्ट यूनिवर्सिटी में कम्युनिकेशंस के अंतिम वर्ष के छात्र हैं। वर्तमान में इस 25 वर्षीय युवक की टूर पर रैंकिंग 470 है, लेकिन पिछले आठ माह के दौरान उन्होंने सात ऐसे खिलाड़ियों को पराजित किया, जो रैंकिंग में टॉप 170 के अंदर हैं। उनकी सबसे बड़ी जीत इस साल फरवरी के पहले सप्ताह में आई, जब उन्होंने द नीदरलैंड्स के विश्व नंबर 88 जेस्पर डी जोंग को डेविस कप क्वाल़ीफायर्स राउंड 1 में पराजित किया।

सुरेश की थंडरबोल्ट सर्विस ने भारत को डेविस कप में जीत दिलाई

सुरेश का सर्विस गेम बहुत प्रभावी है। उनके शक्तिशाली ग्राउंड स्ट्रोक्स ने भी सबका ध्यान आकर्षित किया। अभी सुरेश के तरकश से और तीर निकलने शेष थे। बंग्लुरु में द नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गये डेविस कप में मुकाबला 2-2 की बराबरी पर था और निर्णायक पांचवें मैच में सुरेश के सामने गाय डेन ओडेन थे। सुरेश ने अपनी तेज़ रफ्तार सर्विस से कमाल किया। भारत को 3-2 से जीत दिलायी और अब सितंबर 18-20 को भारत डेविस कप क्वाल़ीफायर्स के दूसरे राउंड में दक्षिण कोरिया से सामना होगा।

दूसरे राउंड की मेज़बानी दक्षिण कोरिया करेगा। डेविस कप में 14 टीमें हैं। सात मुकाबले खेले जाएंगे और जो उनका विजेता होगा, वह ग्रैंड फिनाले में मेज़बान इटली के सामने होगा। पराजित टीमों को अगले वर्ष का क्वाल़ीफायर्स राउंड 1 खेलना होगा। सुरेश की सर्विस थंडरबोल्ट है, जो वर्षों के निरंतर अभ्यास से उनका ट्रेड मार्क बन गई है। वह अपनी सर्विस की रोज़ प्रैक्टिस करते हैं। सभी लम्बे कद के खिलाड़ी अच्छी सर्विस नहीं करते हैं, लेकिन 6 फीट 6 इंच के सुरेश के पास गज़ब की सर्विस है।

सुरेश की ऊँचाई और लगातार अभ्यास से मिली सर्विस की ताकत

मदुरै में जन्मे सुरेश की सर्विस में उनके कद की बहुत बड़ी भूमिका है, क्योंकि पूरा स्ट्रेच करने पर गेंद का कांटेक्ट पॉइंट बहुत ऊंचा हो जाता है और प्रतिद्वंदी को ऐसा प्रतीत होता है, जैसे गेंद आसमान से दनदनाती हुई आ रही हो। सुरेश बताते हैं, मैं अपने कद का अच्छा इस्तेमाल करता हूं और मैं अपनी स्ट्रेंथ पर कार्य करता हूं। मैं रोज़ ट्रेनिंग के दौरान लगभग 100 सर्विस करता हूं। गौरतलब है कि इस वर्ष जनवरी में बंग्लुरु ओपन एटीपी 125 चैलेंजर में क्रोएशिया के डूजे अजकोविच के खिलाफ खेलते हुए सुरेश ने 20 ऐस लगाये थे।

सुरेश बताते हैं, जब भी गेम में महत्वपूर्ण पल आते हैं तो मैं अपनी सर्विस पर ध्यान देते हुए खुद से कहता हूं कि ट्रेनिंग के दौरान मैं यह लाखों बार कर चुका हूं। मुझे एक और गेंद को हिट करना है। सर्विस का अर्थ नियमित प्रैक्टिस करना है। इसलिए अपनी सर्विस पर मैं विश्वास करता हूं। हालांकि बंग्लुरु में खेली गईं तीनों प्रतियोगिताओं- वर्ल्ड टेनिस लीग, बंग्लुरु ओपन व डेविस कप में स्पीडगन उपलब्ध नहीं थी, लेकिन सुरेश के रैकेट से गेंद को तेज़ी से उड़ते हुए देखा जा सकता था। उनकी लैट, शक्तिशाली सर्विस प्रतिद्वंदियों को बैकफुट पर धकेल रही थी, जिससे उन्हें पॉइंट्स बनाने के लिए खुली जगह मिल जाती थी।

सुरेश की तेज़ और सटीक सर्विस ने डेविस कप में दिखाई काबिलियत

पहली सर्विस काम न आ रही हो तो सुरेश के पास दूसरी शक्तिशाली किक सर्विस भी है, जो कोर्ट पर तेज़ी से जम्प करती है। इसलिए यह आश्चर्य नहीं है कि द नीदरलैंड्स के खिलाफ डेविस कप में उन्होंने तीन सिंगल्स मैच खेले तो उनमें उन्होंने 33 ऐस लगाये और डबल फाल्ट सिर्फ 6 थीं। भारत के नॉन-प्लेयिंग कप्तान रोहित राजपाल सुरेश की सर्विस को ईश्वर का ईनाम बताते हुए कहते हैं, सुरेश की सर्विस में सुंदर व्हिप है, जिसे हासिल करना कठिन है।

उनका सर्विस मोशन भी सुंदर है, जिसकी वजह से उन्हें अच्छी स्पीड भी मिल जाती है। यह सब ऊपर वाले की मेहर है। सर्विस के अतिरिक्त सुरेश का नेट पर भी खेल अच्छा है, जो कॉलेज टेनिस में डबल्स खेलने से पैना हुआ। बहरहाल मई में अपनी डिग्री मुकम्मल करने के बाद टूर पर सुरेश की असल परीक्षा आरंभ होगी, लेकिन प्रबल संभावना है कि वह खरे उतरेंगे और अपने व भारतीयों के सपनों को साकार करेंगे।

-सारिम अन्ना

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button