डीएफजीसी ने किया वर्णम बाल विकास केंद्र को पुनः लांच

हैदराबाद, डिविस फाउंडेशन फॉर गिफ्टेड चिल्ड्रन (डीएफजीसी) द्वारा अपने नए कार्यालय के उद्घाटन के साथ-साथ प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल पर ध्यान केंद्रित करते हुए वर्णम बाल विकास केंद्र को पुनः लांच किया गया। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से समावेशी प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास को बढ़ावा देना है।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, माधापुर स्थित डिविस फाउंडेशन फॉर गिफ्टेड चिल्ड्रन के नए कार्यालय का उद्घाटन डिविस लैबोरेटरीज लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. मुरली डिवी ने किया। उन्होंने पिछले एक दशक में फाउंडेशन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। फाउंडेशन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के साथ-साथ बाल विकास केंद्र को पुनः लांच करना प्रारंभिक बाल विकास में समावेशिता, देखभाल और उत्कृष्टता के प्रति फाउंडेशन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

यह भी पढ़ें… ब्रह्म प्रकाश डी.ए.वी. स्कूल के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

वर्णम बाल विकास केंद्र देखभाल की विरासत को बढ़ाएगा आगे

अवसर पर बाल विकास केंद्र के नए लोगो का अनावरण डीएफजीसी की मैनेजिंग ट्रस्टी नीलिमा डिवी ने किया। उन्होंने कहा कि सहानुभूति को उत्कृष्टता तथा नवीनीकरण के साथ जोड़ने वाला यह लोगो नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्णम बाल विकास केंद्र देखभाल की विरासत को आगे बढ़ाएगा। यह केंद्र सुनिश्चित करेगा कि हर बच्चे को उसकी वास्तविक पहचान के लिए समर्थन और सम्मान मिले।

वर्णम बाल विकास केंद्र का उद्घाटन स्वर्णलता डिवी ने किया। अवसर पर बताया गया कि वर्णम बाल विकास केंद्र पहले फर्नांडीज फाउंडेशन के अधीन बाल विकास केंद्र था। डीएफजीसी के नेतृत्व में प्रशिक्षण, जागरूकता और अनुसंधान में विस्तार करते हुए यह केंद्र बहु-विषयक विकासात्मक देखभाल प्रदान करना जारी रखेगा।

डीएफजीसी के अध्यक्ष प्रमोद गद्दम ने बताया कि यह केवल एक नए स्थान या नए नाम के बारे में नहीं है। यह ऐसे पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के बारे में भी है, जहाँ प्रारंभिक हस्तक्षेप, प्रशिक्षण और अनुसंधान स्पष्टता व करुणा के बीच हर बच्चे का विकास हो सके। अवसर पर डीएफजीसी की पहलों से जुड़े प्रमुख सहयोगी संस्थानों और संगठनों तथा शैक्षणिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों सहित अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button