पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी को दी गई विदाई

हैदराबाद, तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी गई। इस अवसर पर तेलंगाना पुलिस अकादमी में विशेष तौर पर परेड का आयोजन किया गया और शिवधर रेड्डी ने परेड की सलामी ली।

परेड में डीजीपी शिवधर रेड्डी को सलामी देते हुए

अवसर पर अपने संबोधन में शिवधर रेड्डी ने पुलिस महानिदेशक के रूप में दी गई अपनी सेवाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक के रूप में उनका यह सेवा कार्य चुनौतीपूर्ण रहने के अलावा संतोषजनक भी रहा है। उन्होंने इस पद पर रहते हुए उन्हें पुलिसकर्मियों और पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए गए सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके सेवा काल में रिट्रीट-2026 को पुन प्रारंभ करना एक महत्वपूर्ण कार्य रहा है। इसके पहले रिट्रीट का आयोजन कर पुलिस को भविष्य की रणनीति और चुनौतियों के लिए तैयार किया जाता था। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने इस कार्यकाल में रिट्रीट को पुन प्रारंभ किया।

युवा अधिकारियों को नेतृत्व और एकता का संदेश

शिवधर रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना आंदोलन के दौरान पुलिस बल प्रवर्तन को अधिक प्राथमिकता देता था, लेकिन तेलंगाना के गठन के साथ ही तेलंगाना पुलिस आम जनता को प्राथमिकता देते हुए सेवा आधारित पुलिसिंग को माध्यम बनाकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने युवा पुलिस अधिकारियों से एकता के साथ कार्य करते हुए अपनी टीम का नेतृत्व करने और पेशेवर तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक सी.वी. आनंद के नेतृत्व में तेलंगाना पुलिस अपने आपको सशक्त और संगठित करते हुए कार्य करेगी।

इस अवसर पर सी.वी. आनंद ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि माओवादी नेताओं के आत्मसमर्पण में शिवधर रेड्डी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि माओवादी समस्या से निपटने के लिए तेलंगाना पुलिस की रणनीति देश के लिए आदर्श बनी हुई है। परेड और विदाई समारोह का आयोजन अकादमी की निदेशक अभिलाषा बिष्ट और कमांडेंट मनन भट्ट के पर्यवेक्षण में किया गया।

यह भी पढ़ें… वीएच और शिवधर रेड्डी सरकारी सलाहकार नियुक्त

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विदाई समारोह

कमांडेंट मनन भट्ट के नेतृत्व में तेलंगाना स्पेशल पुलिस बटालियन, हैदराबाद व साइबराबाद पुलिस के अलावा माउंटेड कंपनी के 10 जत्थों ने परेड में भाग लिया। इस अवसर पर शिवधर रेड्डी को विदाई देने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।इसके अलावा गुरुवार शाम तेलंगाना पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी को विदाई दी गई। इस अवसर पर लम्बे समय तक पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर काम कर अपनी पहचान बनाने वाले पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी को विदाई देते हुए उनके सहकर्मी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भावुक हो गए।

शिवधर रेड्डी ने सेवानिवृत्त होते हुए अपनी जिम्मेदारियाँ पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) महेश मुरलीधर भागवत को सौंपी। सी.वी. आनंद के पद्भार संभालने तक महेश भागवत प्रभारी पुलिस महानिदेशक के तौर पर काम करेंगे। आईपीएस अधिकारी फूलों से सजे रथ पर शिवधर रेड्डी को सवार कर उन्हें पुलिस परम्परा के अनुसार अपने हाथों से रथ खींचते हुए पुलिस मुख्यालय के मुख्य दरवाजे तक ले गए।

इस दौरान पुलिसकर्मियों ने शिवधर रेड्डी पर फूल बरसाए। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक (साइबर सुरक्षा) शिखा गोयल, जेल विभाग की पुलिस महानिदेशक सौम्या मिश्रा, पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) महेश मुरलीधर भागवत, तेलंगाना राज्य स्तरीय पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष वी.वी. श्रीनिवास राव, एसपीएफ पुलिस महानिदेशक स्वाति लाकरा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलीजेन्स) विजय कुमार व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button