कोट्टायम में कार नहर में गिरने से चिकित्सक की मौत
कोट्टायम (केरल), केरल के कोट्टायम जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। वैकोम इलाके में एक कार के नहर में गिर जाने से एक युवा डॉक्टर की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची पुलिस और अग्निशमन दल ने वाहन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक कार सवार चिकित्सक की जान जा चुकी थी। घटना ने इलाके में शोक और हैरानी का माहौल पैदा कर दिया है। कोट्टायम के वैकोम में एक कार के नहर में गिरने से उसमें सवार 33 वर्षीय चिकित्सक की मौत हो गई।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान डॉ अमल सूरज के रूप में हुई है, जो पलक्कड़ जिले के ओट्टापलम के मूल निवासी थे और कोल्लम के कोट्टाराक्कारा में एक निजी अस्पताल में कार्यरत थे। पुलिस ने बताया कि घटना का पता सुबह तब चला जब निवासियों ने थोटुवाकम पुल के पास नहर में एक कार को देखा और अधिकारियों को सूचित किया।
यह भी पढ़े : आंध्र-प्रदेश में दो बसों की आमने सामने टक्कर, 20 यात्री घायल
अग्निशमन एवं बचाव सेवा कर्मियों ने पुलिस के साथ मिलकर वाहन को बाहर निकाला और अंदर चिकित्सक को मृत पाया। कार के पंजीकरण विवरण के आधार पर पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया और उसकी पहचान की पुष्टि की। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि कार संभवतः तड़के नहर में गिरी। शव को पोस्टमार्टम के लिए वैकोम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



