हवाई दुर्घटना में अजित पवार की मौत पर संदेह बरकरार : रोहित पवार

पुणे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता रोहित पवार ने शनिवार को कहा कि हवाई दुर्घटना में अजित पवार की मौत की परिस्थितियों के बारे में सभी को संदेह है और वह 10 फरवरी को इस बारे में एक विस्तृत प्रस्तुति देंगे। बारामती में जिला परिषद चुनाव में अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि अजित पवार ने राकांपा गुटों के एकजुट होने की इच्छा जताई थी और विलय की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए चुनाव शनिवार को हुए। पुणे जिले में 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते समय विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। दिवंगत राकांपा प्रमुख के भतीजे रोहित पवार ने कहा, ‘‘हर किसी के मन में (दुर्घटना के बारे में) सवाल और संदेह हैं। मैं 10 फरवरी को मुंबई में एक प्रस्तुति दूंगा। दुर्घटना क्यों हुई और यह कैसे हुई होगी, ये मुद्दे 10 फरवरी को उठाए जाएंगे।’’

राकांपा गुटों का मिलन जारी, रोहित पवार ने परिवार एकता का संदेश दिया

जिला परिषद चुनाव के लिए राकांपा (शप) और राकांपा ने हाथ मिलाया है और दोनों ‘घड़ी’ चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे हैं। अजित पवार राकांपा के प्रमुख थे, जबकि उनके चाचा शरद पवार राकांपा (शप) के प्रमुख हैं। अहिल्यानगर जिले के कर्जत-जामखेड विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले रोहित पवार ने कहा कि अजित पवार हमेशा पार्टी कार्यकर्ताओं की बेहतरी की कामना करते थे और चाहते थे कि जो लोग उनकी विचारधारा साझा करते हैं वे निर्वाचित हों।

उन्होंने कहा कि दिवंगत राकांपा प्रमुख को दोनों गुटों के बीच विलय की उम्मीद थी। रोहित पवार ने कहा, ‘‘अजित दादा की दिली इच्छा थी कि सभी एक परिवार के रूप में साथ आएं और उसी तरह आज सभी एक साथ आए हैं। दादा ने प्रयास किए थे। हम भी इसी तरह प्रयास करते रहेंगे। परिवार अभी भी एकजुट है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button