पर्यटन की दृष्टि से अहम रोल निभा रही है नुमाइश : जूपल्ली कृष्णा राव
हैदराबाद, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने कहा कि नुमाइश केवल व्यापार और उद्योग की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यटन एवं संस्कृति की दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जूपल्ली कृष्णा राव नुमाइश में आयोजित पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सरकार एवं वाणिज्यिक श्रेणियों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों स्टॉलों के साथ सेवा विभागों के अधिकारियों को स्मृति चिह्न प्रदान किये।

मंत्री ने कहा कि नुमाइश चारमीनार एवं गोलकोंडा की तरह हैदराबाद के ब्रांड की पहचान बन गयी है। उन्होंने दसवीं कक्षा के दौरान नुमाइश जाने के संस्मरण साझा किए। मंत्री ने कहा कि नुमाइश गंगा जमुनी तहज़ीब के लिए लोकप्रियता रखती है। उन्होंने सरकारी सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि जिला स्तर पर छोटी-छोटी प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाना चाहिए।

प्रदर्शनी समिति ने आरबीआई, एलआईसी, पर्यटन विभाग, ओड़िशा और कोलकाता के हैंडलूम स्टोर, जीएचएमसी, आरटीसी, जल बोर्ड, बिजली विभाग के अधिकारियों को सम्मानित किया। जेल विभाग की डॉ. सौम्या मिश्रा ने जेल के स्टॉल के लिए पुरस्कार प्राप्त किया। मानद सचिव बी.एन. राजेश ने रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपाध्यक्ष सुकेश रेड्डी ने स्वागत भाषण दिया।
यह भी पढ़ें… लोकतंत्र की मजबूती हेतु केंद्र तथा राज्य में समन्वय आवश्यक : प्रो. तिरुपति राव
समापन की ओर नुमाइश
शहर का लोकप्रिय उत्सव मानी जाने वाली ऑल इंडिया इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन (नुमाइश) अब अंतिम चरण में आ पहुँची है। 1 जनवरी से जारी नुमाइश का समापन रविवार, 15 फरवरी को होगा। नए साल की दस्तक के साथ ही शुरू हुई नुमाइश ने इस वर्ष शहरवासियों को प्रभावी रूप से आकर्षित किया। हर साल की तरह लोगों की भारी भीड़ उमड़ती देखी गयी। केवल शहर ही नहीं, आसपास के कई जिलों से पहुँचे लोगों ने खरीददारी के साथ मनोरंजन का आनंद उठाया। व्यापार के साथ नुमाइश में सांस्कृतिक गतिविधियों ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। सूत्रों के अनुसार, नुमाइश के विस्तार की संभावना कम है। यूँ भी बड़ी संख्या में स्टॉल संचालक रमज़ान मेलों की तैयारियों में लगे हुए हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



