बंड्लागुड़ा में पुत्र हत्या का आरोपी पिता गिरफ्तार
हैदराबाद, पुराने शहर की बंड्लागुड़ा पुलिस ने पुत्र की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसके शव को थैले में बाँधकर मूसी नदी में फेंकने वाले हत्यारे पिता मो. अकबर (37) को गिरफ़्तार कर लिया। गौरतलब है कि मूसी नदी में अकबर के पुत्र मो. अनास (03) के शव की गत 13 सितंबर से तलाश की जा रही है।
जीएचएमसी का डीआरएफ और हैद्रा नयापुल से लेकर गौरेल्ली, हयातनगर तक तलाशी अभियान चलाए हुए हैं, लेकिन अभी तक बालक का शव बरामद नहीं किया गया। इस कारण अकबर को गिरफ्तार नहीं किया गया था, लेकिन तकनीकी स्तर पर उसके खिलाफ अपहरण, हत्या और सबूत मिटाने के तहत मामले दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से पिता मो. अकबर गिरफ्तार
यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दक्षिण-पूर्वी जोन पुलिस उपायुक्त एस. चैतन्य कुमार ने बताया कि सीसी टीवी वीडियो फुटेज को तकनीकी सबूत के आधार पर पेश करते हुए सब्जी विक्रेता नूरी नगर, जहाँगीराबाद, बंड्लागुड़ा निवासी मो. अकबर को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मो. अनास जन्म के समय से ही दिल में सुराख होने के कारण बीमार रहता था और उसके उपचार को लेकर अकबर का उसकी पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद में अवैध शराब और नाटू सारा के खिलाफ अभियान तेज करेगी आबकारी पुलिस
इस कारण ही अकबर ने घर पर अपनी पत्नी की अनुपस्थित के दौरान गत 13 सितंबर की तड़के अनास के चेहरे पर तकिया दबाकर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद उसके शव को थैले में भर दिया और थैले को रस्सी से बाँधने के बाद मोटरसाइकिल पर ले जाकर थैले को मूसी नदी में फेंक दिया। इससे संबंधित वीडियो वहाँ लगे सीसी टीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। इसके आधार पर ही पुलिस ने अकबर के खिलाफ अपहरण, हत्या और शव को ठिकाने लगाने का मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि अभी भी मो. अनास के शव की तलाश की जा रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



