रामबाग की भूमि पर हैद्रा की फेंसिंग, अतिक्रमण हटाने पर विरोध
हैदराबाद, हैद्रा द्वारा राजेंद्रनगर मंडल के अत्तापुर क्षेत्र स्थित लगभग 2.34 एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करते हुए फेंसिंग की गयी। सरकारी भूमि होने के बोर्ड भी लगा दिये गये। अतिक्रमण हटाने के दौरान उस समय स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रही, जब स्थानीय सिख समुदाय से जुड़े लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने बताया कि जो भूमि अतिक्रमण से मुक्त करायी गयी है, उसका अनुमानित मूल्य लगभग 250 करोड़ बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह भूमि रामबाग सर्वे नंबर 354/1, 354/2 और 354/3 में स्थित है। आसपास मंदिर है और बीच में यह सरकारी जमीन है। इसके पास ही सिख समुदाय से संबंधित एक समाधि भी है। लंबे समय से इस जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
एक पक्ष इसे मंदिरों के लिए आवंटित करने की माँग कर रहा था, जबकि दूसरा पक्ष इसे सिख समुदाय को देने की माँग कर रहा था। हाल ही में सिख समुदाय के लोगों ने इस भूमि को अपने लिए आवंटित करने की माँग करते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मामले में 29 जनवरी को हाईकोर्ट ने जिला कलेक्टर को उचित निर्णय लेने के निर्देश देते हुए तीन माह का समय दिया था।
2.34 एकड़ जमीन पर टीन लगाकर कब्जे से बढ़ा विवाद
इसी बीच कुछ लोगों ने 2.34 एकड़ जमीन के चारों ओर टीन की चादरों से घेरा बनाकर उसे कब्जे में ले लिया, जिससे विवाद और तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर संबंधित दस्तावेजों की जाँच की और राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जाँच में यह भूमि सरकारी जमीन पाई गई।
आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण हटाया गया और पूरी 2.34 एकड़ भूमि के चारों ओर फेंसिंग की गई। साथ ही यह दर्शाने के लिए हैद्रा के बोर्ड भी लगाए गए कि यह सरकारी जमीन है। हैद्रा आयुक्त ने बताया कि किसी भी प्रकार की अशांति न हो, इसके लिए पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने मौके पर एहतियाती कदम उठाए। सिख समुदाय की समाधि वाले 366 गज क्षेत्र को छोड़कर बाकी जमीन के चारों ओर फेंसिंग की गई।
यह भी पढ़ें… मल्काजगिरी निगम आयुक्त ने किया कई क्षेत्रों का दौरा
अत्तापुर पुलिस ने किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को भांपते हुए अतिक्रमण हटाने का विरोध करने वाले सिख समाज के इकबाल सिंह समेत लगभग दर्जन भर लोगों को हिरासत में लिया। बताया गया कि हिरासत में लिए गए लोगों को बाद में रिहा कर दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





