आसान है डार्क स्पॉटस से छुटकारा
चमकती त्वचा सभी को अच्छी लगती है। अक्सर त्वचा की ठीक से सफाई न करने, बाहरी प्रदूषण, सनबर्न, मुंहासों और नींद पूरी न होने के कारण त्वचा पर कहीं-कहीं डार्क स्पाट्स आ जाते हैं। अगर आपको कहीं भी डार्क स्पॉट्स त्वचा पर दिखाई दें तो पहले कुछ घरेलू इलाज कर उन्हें दूर करने का प्रयास करें।
पर ध्यान रखें कि हर किसी के शरीर और त्वचा की तासीर अलग होती है। हर किसी को कोई चीज फायदा करती है तो किसी चीज से एलर्जी हो सकती हैं। तो कोई भी घरेलू इलाज करने से पहले अपनी त्वचा के बारे में जरूर जान लें।

नींबू का रस है असरदार :-
नींबू के रस को डार्क स्पॉट वाली त्वचा पर हल्का-सा मलें और थोड़ी देर बाद त्वचा को ठंडे पानी से धो लें। कुछ दिन तक इस प्रक्रिया को प्रतिदिन दोहराएं। धीरे-धीरे डार्क स्पॉट्स फीके पड़ने लगेंगे। नींबू विटामिन सी का अच्छा स्रोत है।
स्टीम कर पाएं लाभ:-

त्वचा पर स्टीम करने से रोमछिद्र थोड़े खुल जाते हैं जिससे त्वचा आसानी से सांस ले सकती है। स्टीम के काफी लाभ होते हैं। त्वचा के सही सांस लेने से भी त्वचा के गहरे स्पॉट्स फीके पड़ने लगते हैं। भाप को ज्यादा समय तक चेहरे पर रोकने के लिए टॉवल का प्रयोग कर सकते हैं।
एलोवेरा जेल भी देता है लाभ:-

नियमित रूप से चेहरे की त्वचा पर एलोवेरा जेल लगाएं और हल्के से उस जगह मसाज करें। जेल को सूखने दें। बाद में चेहरा अच्छे से धो लें। एलोवेरा का प्रयोग त्वचा के लिए अच्छा होता है। बहुत से ब्यूटी प्रोडक्ट्स में एलोवेरा जेल का प्रयोग किया जाता है।
टमाटर भी मदद करता है त्वचा के दाग धब्बों पर:-

टमाटर का गूदा डार्क स्पॉट्स पर लगाएं और कुछ देर के लिए वहां मालिश करें। फिर धो दें। माह में दो बार इस प्रक्रिया को दोहराएं। लाभ मिलेगा। टमाटर में विटामिन सी के साथ एंटीआक्सीडेंट्स भी होते हैं जो त्वचा को लाभ पहुंचाते हैं। -अपनी त्वचा की खोई रौनक को इन घरेलू नुस्खों के प्रयोग से संजोएँ और त्वचा को बिना दाग-धब्बे वाली बनाएं।
–नीतू गुप्ता
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



