जीएचएमसी : विशेष अधिकारी जयेश रंजन एवं तीनों आयुक्तों ने संभाला पद्भार
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त होने के तत्काल बाद नये निगमों की आधिकारिक घोषणा की गयी। संबंधित निगमों के मुखिया के रूप में एवं निर्वाचित निकाय की अनुपस्थिति में विशेष अधिकारी को नियुक्त किया गया। सरकार के विशेष मुख्य सचिव ने जहाँ विशेष अधिकारी का पद्भार ग्रहण किया, वहीं तीनों निगमों के आयुक्तों ने भी अपनी जिम्मेदारी संभाली।



जीएचएमसी के विभाजन के साथ ही सरकार के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी व मेट्रोपॉलिटन एरिया एवं अर्बन डेवलपमेंट विभाग के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन ने ग्रेटर हैदराबाद, साइबराबाद और मल्काजगिरी नगर निगमों के विशेष अधिकारी के रूप में पद्भार ग्रहण किया। इसी तरह आर.वी. कर्णन ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला। पद्भार ग्रहण करने के बाद जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने सचिवालय में मुख्य सचिव के. रामकृष्णा राव से शिष्टाचार भेंट की।
नवविभाजित 150 वार्डों में वापस लौटा जीएचएमसी
विकेंद्रीकृत शहरी शासन को मजबूत करने के उद्देश्य से तेलंगाना सरकार ने कोर अर्बन रीजन ढाँचे के तहत हैदराबाद क्षेत्र के नागरिक प्रशासन का पुनर्गठन किया। मेट्रोपॉलिटन एरिया एवं अर्बन डेवलपमेंट विभाग द्वारा जारी सरकारी आदेश 55 के माध्यम से औपचारिक रूप से नई व्यवस्था लागू की गयी।

संशोधित संरचना के अंतर्गत जीएचएमसी को 6 जोन, 30 सर्किल और 150 वार्डों के साथ पुनर्संरचित किया गया, जो लगभग 689 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। अधिकारियों का दावा है कि यह पुनर्गठन बेहतर विकेंद्रीकरण को प्रोत्साहित करने, क्षेत्रीय स्तर पर प्रशासन को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को अधिक उत्तरदायी और त्वरित सेवाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया। पुनर्गठन प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए सरकार ने मेट्रोपॉलिटन एरिया एवं अर्बन डेवलपमेंट विभाग के मुख्य सचिव जयेश रंजन को तीनों नगर निगमों के विशेष अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा। वह जीएचएमसी मुख्यालय से इस पुनर्गठन प्रक्रिया की देखरेख कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह पुनर्गठन हैदराबाद महानगरीय क्षेत्र के लिए अधिक जवाबदेह, नागरिक-केंद्रित और भविष्य उन्मुख शहरी शासन प्रणाली के निर्माण की दिशा में एक रणनीतिक कदम है। जीएचएमसी के शमशाबाद ज़ोन में 4 सर्किल, 17 वार्ड, राजेंद्रनगर ज़ोन में 6 सर्किल, 29 वार्ड, चारमीनार ज़ोन में 5 सर्किल, 25 वार्ड, गोलकोंडा ज़ोन में 5 सर्किल, 28 वार्ड, खैरताबाद ज़ोन में 5 सर्किल, 29 वार्ड एवं सिकंदराबाद ज़ोन में 5 सर्किल, 28 वार्ड शामिल किये गये।
यह भी पढ़ें… दमरे जीएम ने किया डोन-सिकंदराबाद खंड का निरीक्षण
साइबराबाद नगर निगम
हाल ही में जीएचएमसी में अतिरिक्त आयुक्त के रूप में नियुक्त आईएएस अधिकारी जी. सृजना ने साइबराबाद नगर निगम आयुक्त का पद्भार संभाला। सीएमसी में कुल 76 वार्ड और 16 सर्किल होंगे। इसमें तीन ज़ोन शामिल हैं। शेरीलिंगमपल्ली ज़ोन में 5 सर्किल, 26 वार्ड, कुकटपल्ली ज़ोन में 4 सर्किल, 23 वार्ड एवं कुतुबुल्लापुर ज़ोन में 7 सर्किल, 27 वार्ड शामिल हैं।

मल्काजगिरी नगर निगम
मल्काजगिरी नगर निगम के नये आयुक्त के रूप में टी. विनय कृष्णा रेड्डी ने पद्भार संभाल लिया। इस निगम में तीन ज़ोन, 14 सर्किल और 74 वार्ड होंगे। एलबी नगर ज़ोन में 4 सर्किल, 24 वार्ड, मल्काजगिरी ज़ोन में 5 सर्किल, 26 वार्ड तथा उप्पल ज़ोन में 5 सर्किल और 24 वार्ड होंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष दिसंबर में सरकार ने हैदराबाद के बाहरी क्षेत्रों की 27 नगरपालिकाओं का जीएचएमसी में विलय किया था।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



